कोटा

करोड़ों का मालिक निकला रिश्वत लेने वाला PWD इंजीनियर, लाखों की FD, बेटे के नाम पर शोरूम, और परिजनों के 16 बैंक खाते आए सामने

Baran Bribe Case Update: परिजनों के नाम 16 बैंक खातों का भी पता चला है, जिनकी जांच और जमा राशि का आकलन किया जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 3 May 2025, 11:54 AM IST
Feature image

ACB Action On PWD XEN Ajay Singh: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए बारां जिले में कार्यरत पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता अजय सिंह को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। एसीबी कोटा इंटेलिजेंस यूनिट की टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई की। एएसपी विजय स्वर्णकार ने बताया कि ट्रैप के दौरान आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपए की संदिग्ध राशि का लिफाफा भी बरामद हुआ। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी के कोटा स्थित आवास की तलाशी ली गई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में 41 लाख रुपए की एफडी, दो लाख रुपए नकद, चंद्रमौली योजना कोटा में दो भूखंड, दो चारपहिया वाहन, एक दुपहिया वाहन, करीब 2.5 लाख रुपए की ज्वैलरी, पुत्री की मेडिकल शिक्षा के लिए 20 लाख रुपए की फीस की रसीदें और पुत्र के नाम रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में पार्टनरशिप दस्तावेज मिले।

अन्य संपत्ति की चल रही जांच

एएसपी विजय स्वर्णकार ने बताया कि आरोपी और परिजनों के नाम 16 बैंक खातों का भी पता चला है, जिनकी जांच और जमा राशि का आकलन किया जा रहा है। आरोपी की अन्य संपत्तियों और निवेश की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, एसीबी की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।

बैंक लॉकर में मिले पांच लाख रुपए नकद

एएसपी ने बताया कि 30 अप्रेल को बैंक लॉकर की तलाशी में 5 लाख रुपए नकद, 5 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी निवेश की रसीदें, 5 लाख के सोने के आभूषण और 361 चांदी के सिक्के बरामद किए गए। जांच के दौरान आरोपी और उसके परिजनों के नाम एक अन्य बैंक में 7 लॉकर होने की जानकारी सामने आई। इनमें से 3 लॉकरों की तलाशी 2 मई को ली गई, जिनमें प्रत्येक से 15-15 लाख रुपये, कुल 45 लाख रुपये नकद मिले। बाकी 4 लॉकरों की तलाशी अभी शेष है।

Updated on:
3 May 2025, 11:54 AM IST
Published on: