
फोटो पत्रिका नेटवर्क
कोटा। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के शिवसागर इलाके में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता प्रभात कश्यप अपने साथियों और रिश्तेदारों के साथ कथित तौर पर एक घर में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावर धारदार हथियारों, सरियों और लाठियों से लैस थे। उन्होंने घर में तोड़फोड़ की, फायरिंग की और परिवार के सदस्यों के साथ गंभीर मारपीट की। इस हमले में हरिप्रसाद गोचर और उनकी पुत्री अंजली गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित मनोज गोचर ने उद्योग नगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी बहन अंजली को कुछ समय पहले रवि कश्यप ने रास्ते में रोककर उसका हाथ पकड़ लिया और अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी विवाद के बाद देर रात करीब 11.30 बजे रवि कश्यप, उसका भाई, जीजा प्रभात कश्यप और चार-पांच अन्य लोग हथियारों के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने पहले घर का गेट तोड़ा और फिर कार व मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उस समय मनोज छत पर खड़े था। आरोप है कि उन पर दो से तीन राउंड फायर किए गए, जिनमें से एक गोली छत की रेलिंग में जा लगी। फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
परिवार का आरोप है कि घर में घुसने के बाद रवि कश्यप ने सरिये से अंजली के सिर पर वार किया, जबकि प्रभात कश्यप ने धारदार परसे से हरिप्रसाद गोचर पर हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद प्रभात कश्यप स्वयं उद्योग नगर थाने पहुंचा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह नशे की हालत में था और थाने में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने लगा। उद्योग नगर के एएसआई गिर्राज मीणा ने बताया कि प्रभात पहले खुद को फरियादी बताकर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा और फायरिंग का आरोप लगाया। पूछताछ के दौरान वह आक्रोशित हो गया और थाने में हंगामा करने लगा।
पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कर ली है और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभात कश्यप को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर निगरानी की जा रही है।
Published on:
03 Mar 2026 04:18 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
