कोटा

ACB Action: लाखों की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया PWD XEN, इन बिलों को पास करने की एवज मांग रहा था घूस

PWD XEN Ajay Singh Arrested: अभियंता अजय यहां से पहले झालावाड़ के खानपुर में नियुक्त था। उसका जनवरी में बारां तबादला हुआ था। आरोपी कार्यशैली के चलते विभाग में खासा चर्चा में है।
2 min read
• •
Updated: 29 Apr 2025, 1:17 PM IST
Feature image

ACB Action In Baran: एसीबी (इन्टेलीजेंस) चौकी कोटा ने सोमवार रात को कार्रवाई करते हुए बारां सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय सिंह को पांच लाख रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ.रवि प्रकाश मेहरडा ने बताया कि एसीबी चौकी कोटा को शिकायत मिली कि सड़क चौड़ीकरण एवं पुलिया निर्माण के कार्य के पेडिंग बिलों को पास करने की एवज में आरोपी अधिशासी अभियंता अजय सिंह परिवादी से 20 लाख रुपए की मांग कर उसे परेशान कर रहा है।

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, जो सही पाया गया। इस पर एसीबी कोटा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक शिवराज मीना के सुपरविजन में कोटा एसीबी चौकी के एएसपी विजय स्वर्णकार समेत पुलिस उप अधीक्षक ताराचन्द एवं अन्य ने ट्रैप की कार्रवाई की। अधिशासी अभियंता अजय सिंह पांच लाख रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के बारां के अलावा कोटा के त्रिवेणी स्थित आवास पर एसीबी की ओर से जांच की जा रही है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव समेत एसीबी के अधिकारी आरोपी से पूछताछ में जुटे हैं। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

पहले भी चर्चा में रहा

अभियंता अजय यहां से पहले झालावाड़ के खानपुर में नियुक्त था। उसका जनवरी में बारां तबादला हुआ था। आरोपी कार्यशैली के चलते विभाग में खासा चर्चा में है। बारां में ड्यूटी ज्वॉइन करने के बाद से यहां भी कारस्तानियों के चलते चर्चा में आ गया था। गिरफ्तारी के बाद इसकी कार्यप्रणाली को लेकर सोशल मीडिया ग्रुप में कमेंट्स भी आने लगे है।

Updated on:
29 Apr 2025, 1:17 PM IST
Published on: