कोटा

Rajasthan Panchayat Election: 31 साल बाद खानपुर पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान, देविका मीणा एक मत से जीती

खानपुर। खानपुर पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की देविका मीणा एक मत से निर्वाचित हुईं। उन्हें 12 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी एवं जिला महामंत्री हेमंत सिंह हाड़ा सोजपुर…
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:09 PM IST
rajasthan panchayat election

खानपुर। खानपुर पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की देविका मीणा एक मत से निर्वाचित हुईं। उन्हें 12 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी एवं जिला महामंत्री हेमंत सिंह हाड़ा सोजपुर को 11 मत मिले। खास बात यह रही कि पंचायत समिति के सभी 23 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया और किसी प्रकार की क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। करीब 31 साल बाद पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान बना है।

परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। पंचायत समिति परिसर कांग्रेस के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते हुए मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। इस दौरान मौजूद विधायक सुरेश गुर्जर की आंखें नम हो गईं। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने विधायक को कंधों पर उठा लिया और जमकर नारेबाजी की। निर्वाचन विभाग से प्रमाण पत्र प्राप्त कर शपथ ग्रहण करने के बाद बाहर निकली नवनिर्वाचित प्रधान देविका मीणा का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। देविका मीणा ने कहा कि 31 साल बाद क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत देकर उन्हें प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी है। गौरतलब है कि नवनिर्वाचित प्रधान देविका मीणा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बालचंद मीणा की पुत्रवधू हैं।

सुबह 10 बजे शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया

प्रधान पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू हुई। सबसे पहले पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव नरेंद्र नागर की अगुवाई में भाजपा प्रत्याशी हेमंत सिंह हाड़ा ने नामांकन दाखिल किया। इसके कुछ देर बाद विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में पहुंची कांग्रेस प्रत्याशी देविका मीणा ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ। दोपहर 3.05 बजे भाजपा के सभी 11 सदस्य एक साथ मतदान के लिए पहुंचे। इसके करीब आधे घंटे बाद कांग्रेस के सभी 12 सदस्यों ने बारी-बारी से मतदान किया। शाम करीब 4.15 बजे मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया।

पहली बार कांग्रेस को मिला पूर्ण बहुमत

वर्ष 1995 में नया पंचायती राज कानून लागू होने के बाद खानपुर पंचायत समिति में पहली बार कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है। पंचायत समिति के 23 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस के 12 और भाजपा के 11 प्रत्याशी सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद दोनों दलों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी के प्रधान बनने का दावा कर रहे थे। शुक्रवार को हुए मतदान में कांग्रेस के सभी 12 और भाजपा के सभी 11 सदस्यों ने अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। इस तरह किसी प्रकार की क्रॉस वोटिंग नहीं हुई और परिणाम संख्या बल के अनुरूप रहा।

इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक गरिमा जिंदल, खानपुर थाना प्रभारी रविंद्र सिंह, तहसीलदार हेमराज कपूर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

आज उपप्रधान का चुनाव

खानपुर पंचायत समिति में शनिवार को उपप्रधान पद के लिए चुनाव होगा। निर्वाचन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से पंचायत समिति कार्यालय में शुरू होगी।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:09 PM IST
Published on: