27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Kota / संविधान से रूबरू हुए विद्यार्थी, कर्तव्य पालना की शपथ ली

संविधान से रूबरू हुए विद्यार्थी, कर्तव्य पालना की शपथ ली

संविधान दिवस पर गुरुवार को भवानीमंडी तालुका के दो विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए। इसमें विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और…
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोटा

•

image

Newsdesk

•

Updated: 27 Nov 2026, 6:08 PM IST

संविधान से रूबरू हुए विद्यार्थी, कर्तव्य पालना की शपथ ली

भवानीमंडी. संविधान दिवस पर गुरुवार को भवानीमंडी तालुका के दो विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए। इसमें विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर कानून के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की सामूहिक शपथ भी दिलाई।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपलिया में अधिकार मित्र निर्मला कुमारी तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामनिवास घटोद में अधिकार मित्र रामेश्वर पाटीदार ने विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए। इनमें विद्यार्थियों के साथ ग्रामीणों को भी कानून की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ संवैधानिक कर्तव्यों की समझ होना जरूरी है।

शिविरों में मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, संवैधानिक मूल्य और संवैधानिक उपचारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मानवाधिकार, न्याय तक पहुंच की व्यवस्था और जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली विधिक सहायता के बारे में समझाया। अधिकार मित्रों ने एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम, बंधुआ मजदूरों के अधिकार और साइबर अपराध से पीड़ित लोगों को उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रावधानों से भी अवगत कराया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण या अन्याय की स्थिति में कानून उनकी सुरक्षा के लिए मौजूद है और वे विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

प्रावधानों से अवगत कराया

शिविरों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े कानूनों पर विशेष जोर दिया। बाल यौन शोषण की रोकथाम, बाल विवाह निषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। पढ़ाई से वंचित बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया और इसके लिए निर्धारित पात्रता के बारे में भी बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए एवं बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए समाज को जागरूक होना जरूरी है।

नागरिकों ने सहभागिता निभाई

इस दौरान आपातकालीन और कानूनी सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर की उपयोगिता और संपर्क प्रक्रिया की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता निभाई। अंत में विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना के मूल आदर्शों को अपनाने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और संवैधानिक कर्तव्यों का जिम्मेदारी से पालन करने का संकल्प लिया।