कोटा

मृतक यशवंत के पिता का आरोप, हत्या के लिए रचा गया षड्यंत्र

दोस्तों के साथ रील बनाने के दौरान गोली चलने से हुई थी यशवंत की मौत, पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज

2 min read
May 02, 2024
Kota Crime News

महावीर नगर स्थित महर्षि गौतम सामुदायिक भवन के सामने बुधवार को कुछ युवकों द्वारा मोबाइल से रील बनाने के दौरान गोली लगने से झालावाड़ जिले के मनोहरथाना निवासी यशवंत नागर की मौत हो गई थी। पुलिस ने उसके शव को मोर्चरी में रखवाया था। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कोटा आए तब बताया बेटे को गोली लगी

उधर, मोर्चरी के बाहर पिता रोडूलाल नागर ने उसके बेटे की हत्या की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि वह झालावाड़ जिले के मनोहरथाना में एसडीएम ऑफिस में सहायक कर्मचारी है। बुधवार को वह ऑफिस में था, तब कोटा पुलिस का फोन आया। कहा कि आपके बेटे का एक्सीडेंट हो गया, तत्काल आ आजो। वह और पत्नी कोटा आए तो पता चला कि बेटे की मौत गोली लगने से हो गई।

घटना का वीडियो पुलिस के पास

पिता ने कहा कि घटना का वीडियो पुलिस के पास है। पुलिस ने उन्हें वीडियो दिखाया है। वीडियो में उदय नाम के लड़के के पास देसी कट्टा था, जबकि जसवंत के पास मोबाइल था। रील बनाने के दौरान उदय ने देसी कट्टे में कारतूस लोड किया था। उसी के हाथ से गोली चली और यशवंत के सीने में लगी। यशवंत के मुंह से अरे पापा निकला, फिर कोई आवाज नहीं निकली। उस दौरान यशवंत का दोस्त अजय भी वहां था।

अजय व यशवंत में हुई थी कहासुनी

अजय मनोहरथाना में यशवंत का पड़ोसी है। वह कोटा में एक कैफे को संभालता है। सप्ताह भर पहले अजय मनोहरथाना गया था। वहां से अजय यशवंत के साथ कोटा आ गया था। पिता ने बताया कि यशवंत कोटा में उसके दोस्त के पास ही आता-जाता रहता था। यह भी जानकारी मिली है कि पूर्व में मनोहरथाना में किसी बात को लेकर अजय व यशवंत में कहासुनी हुई थी।

इकलौता पुत्र खो दिया

रोडूलाल के परिवार में यशवंत एकलौता बेटा था। यशवंत के तीन बड़ी बहनें हैं। पिता के अनुसार यशवंत की कभी कोई शिकायत नहीं मिली। वह मिलनसार और व्यवहारकुशल था। इकलौते पुत्र की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।

परिजनों के आने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंपा है। यशवंत के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में दो लड़कों उदय और अजय का नाम दिया है। दोनोंं को डिटेन कर पूूछताछ की जा रही है। प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज है। अनुसंधान कर रहे हैं।

महेन्द्र मारू, थानाधिकारी, महावीर नगर

Published on:
02 May 2024 07:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर