कोटा

स्मार्ट सिटी होने के बावजूद कोटा में नहीं मिनी सचिवालय, सरकार से मिलकर करेंगे समाधान : बिरला

अभिभाषक परिषद की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण समारोह में सांसद बोले कोटा में मिनी सचिवालय के लिए बजट में प्रस्ताव का करेंगे प्रयास।
2 min read
• •
Updated: 8 Jan 2018, 8:25 PM IST
Advisory Councils

सांसद ओम बिरला ने कहा कि जैसे झालावाड़ और बारां में मिनी सचिवालय है, लेकिन संभागीय मुख्यालय होने के बाद भी कोटा में इसकी कमी है। कोटा में भी मिनी सचिवालय बने, इसके लिए वे इस साल बजट में प्रस्ताव का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह बात सोमवार को अदालत परिसर में आयोजित अभिभाषक परिषद के समारोह में कही। परिषद की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि सांसद बिरला ने कहा कि पक्षकार को शीघ्र और सस्ता न्याय मिले, इसके लिए अदालत परिसर में पूरी सुविधाएं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वकीलों की पार्किंग और आवासीय भूखंड जैसी समस्याओं का भी शीघ्र ही समाधान करवा दिया जाएगा।


बार और बैंच एक-दूसरे के पूरक बनकर कार्य करें : विशिष्ट अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि वकीलों की हर समस्या का समाधान होना चाहिए। इसके लिए उनके स्तर पर सरकार से मिलकर जो भी कार्य होंगे, उनका समाधान कराने का प्रयास करेंगे। विशिष्ट अतिथि महापौर महेश विजय ने कहा कि कोटा को स्मार्ट सिटी बनाने में सभी को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभानी होगी। अदालत परिसर में वाटर कूलर लगवाने और सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाने की घोषणा की। अध्यक्षता करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेन्द्र सिंह ढड्ढा ने कहा कि बार और बैंच एक-दूसरे के पूरक बनकर कार्य करेंगे।


सभी को मिलकर काम करना होगा : इससे पहले परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष नवीन शर्मा ने नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज पुरी, महासचिव महेश गौतम ने जितेन्द्र पाठक और उपाध्यक्ष भूपेन्द्र मित्तल ने अतीश सक्सेना समेत सभी पूर्व पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों ने नए पदाधिकारियों व सदस्यों को पदभार ग्रहण कराया। स्वागत भाषण में पुरी ने कहा कि किसी भी समस्या का एक व्यक्ति समाधान नहीं कर सकता। सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने पार्किंग व भूखंड समेत कई समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी व वकील मौजूद थे। संचालन महासचिव जितेन्द्र पाठक ने किया। उपाध्यक्ष अतीश सक्सेना ने आधार व्यक्त किया।

Updated on:
8 Jan 2018, 8:25 PM IST
Published on: