कोटा

OMG: मां से मिलने गांव गए दो भाइयों को ट्रैक्टर ने कुचला, एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक

सांगोद थाना क्षेत्र में राजगढ़ गांव के पास रविवार रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया।
2 min read
• •
Updated: 2 Jul 2018, 11:50 PM IST
Accident
OMG: मां से मिलने गांव गए दो भाइयों को ट्रैक्टर ने कुचला, एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक

कुंदनपुर. सांगोद थाना क्षेत्र में राजगढ़ गांव के पास रविवार रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने घायलों को एम्बुलेंस से कोटा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार सीताराम प्रजापत (45) व उसका बड़ा भाई रामगोपाल प्रजापत (50) बाइक से कुराडिय़ाकलां गांव में अपनी मां से मिलने आए थे। रात को वापस कोटा जाते समय कुलामा हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, रामगोपाल गंभीर घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर अंता से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को कोटा अस्पताल पहुंचाया। सोमवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी।

मां पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे ने मृतक की मांग दल्लू बाई पर दुखों का पहाड़ खड़ा कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दल्लू बाई के पांच बेटे थे, जिनमें से तीन की पूर्व में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। सीताराम की भी रविवार को दुर्घटना में मौत हो गई। रामगोपाल भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। मृतक की मां कुराडिय़ाकलां में अकेले ही रहती है। दोनों भाई कोटा में मजदूरी करते थे। बारिश का दौर शुरू हुआ तो मां को परेशानी ना हो, इसलिए दोनों कच्चे घर का छप्पर सही करवाने कोटा आए थे। रात को गांव से कोटा जाते समय हुए हादसे ने मां पर कहर ढाह दिया।

Published on: