
बूंदी. शहर में रामनवमी की शोभायात्रा पर रविवार देर रात पत्थर फेंकने के विरोध में सोमवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद करा दिए। वे आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। इस मांग को लेकर बूंदी के चौगान दरवाजे पर बड़ी संख्या में लोग इक_े हुए। शहर में कुछ जगहों पर टायर जलाकर भी विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि शांति से निकल रही शोभायात्रा पर इस प्रकार पत्थर फेंके जाना उचित नहीं हैं।
विरोध कर रहे लोगों की मांग है कि पुलिस जल्द आरोपितों को पकड़ें। इधर, पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी समझाइश में जुटे हुए हैं। हालांकि अभी इस घटना में कोई रास्ता निकलता नहीं दिख रहा है। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। इधर, बाजार बंद होने से बूंदी में खरीदारी करने आए लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि पुरानी कोतवाली स्थित धार्मिक स्थल पर रविवार दोपहर को धार्मिक ध्वज लगाने ने माहौल गर्मा गया। ध्वज लगाने का पता चलने पर धार्मिक स्थल समिति व बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।उन्होंने पुलिस प्रशासन को सूचित कर ध्वज उतारने की मांग की। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी पुरानी कोतवाली के यहां जमा हो गए।उन्होंने ध्वज उतारने का विरोध किया। इससे दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और माहौल गर्मा गया। नौबत टकराव तक पहुंच गई। सूचना पर कोतवाली थानाधिकारी रामनाथ मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और समझाइश शुरू की।
Read More: सावधान कोटावासियों! सड़क किनारे लगी दुकानों पर एक्स-रे करवाया तो तबाह हो सकती है जिंदगी
पुलिस ने विवाद कर रहे सभी लोगों को धार्मिक स्थल के बाहर से हटाया।पुलिस प्रशासन ने धार्मिक स्थल पर समिति की बिना अनुमति लगाए गए ध्वज को उतरवाकर दूसरे पक्ष को सौंप दिया। हालांकि घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। जिन्हें पुलिस ने समझाइश कर शांत किया। इधर इस घटना को लेकर शहभर में चर्चा का माहौल बना रहा।