
कोटा. मुंबई में बारिश के दौरान पुल ढहने से बाधित हुआ ट्रेनों का परिचालन बुधवार को भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया। निजामुद्दीन-बान्द्रा अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस को निरस्त करना पड़ा। इस कारण इस ट्रेन के एक तरफ के करीब डेढ़ हजार यात्रियों को परेशानी हुई। इसके अलावा मुंबई की आेर आने वाली ट्रेनें घंटों विलम्ब हुई। इस कारण वापसी में दिल्ली की ओर से मुंबई जाने वाली ट्रेनें भी विलम्ब हुई। ट्रेनों के विलम्ब होने के कारण सैकड़ों यात्रियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी।
ये ट्रेनें विलम्ब हुई
बान्द्रा-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस 11 घंटे 20 मिनट
बान्द्रा-निजामुद्दीन स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस 8 घंटे
बान्द्रा-गोखपुर अवध एक्सप्रेस 8 घंटे
मुंबई-नई दिल्ली राजधानी 7 घंटे
मुंबई-निजामुद्दीन गरीबरथ 7 घंटे
मुंबई-जयपुर एक्सप्रेस 4 घंटे
मुंबई-अमृतसर स्वर्ण मंदिर मेल 3 घंटे 30 घंटे
नई दिल्ली-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस 3 घंटे 29 मिनट
निजामुद्दीन-बान्द्रा गरीब रथ 4 घंटे
ट्रेन से कटकर एक की मौत
कोटा. अनंतपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसे में उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए। सूचना पर अनंतपुरा और उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे एक व्यक्ति धानमंडी फ्लाईओवर के नीचे ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसका शरीर ट्रैक पर 300 मीटर दूरी तक फैल गया। ट्रैक मैनों ने इसकी सूचना डकनिया स्टेशन मास्टर को दी। उनकी सूचना पर अनंतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को समेटकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। व्यक्ति की जेब से ड्राइविंग लाइसेंस मिला है, जो झालावाड़ जिले के अकलेरा निवासी राजेंद्र शर्मा (58 ) का है। परिजनों को सूचना दे दी है। हालांकि अभी यह पता नहीं लग पाया कि व्यक्ति ट्रेन से गिरा या आत्महत्या की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।