कोटा

Chambal River Front : नजर आया चंबल माता का चेहरा रिमोट का बटन दबाते ही गिरेगा झरना

Chambal River Front : हैरिटेज चंबल रिवरफ्रंट का उद्घाटन 12 सितम्बर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करेंगे। मुख्यमंत्री जैसे ही रिमोट का बटन दबाएंगे, वैसे ही चंबल माता की विशालकाय प्रतिमा के कलश से पानी छलक उठेगा।

2 min read
Sep 07, 2023

पत्रिका न्यूज नेटवर्क/कोटा। हैरिटेज चंबल रिवरफ्रंट का उद्घाटन 12 सितम्बर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करेंगे। मुख्यमंत्री जैसे ही रिमोट का बटन दबाएंगे, वैसे ही चंबल माता की विशालकाय प्रतिमा के कलश से पानी छलक उठेगा। इसका नजारा कुन्हाड़ी की ओर से दिखेगा। इसके अलावा बोट में बैठकर भी इस नजारे का आनंद लिया जा सकेगा।

चंबल रिवरफ्रंट का मुख्य आकर्षण चंबल माता की विशाल प्रतिमा है। यह वियतनाम के मार्बल के 15 सौ टुकड़ों से तैयार की गई है। करीब 242 फीट ऊंची चंबल माता की प्रतिमा के नीचे 5 हाथियों की प्रतिमाएं स्वागत की मुद्रा में नजर आएंगी। उद्घाटन के साथ ही चंबल माता की मूर्ति की हर शाम को पंडितों की टीम आरती करेगी। मूर्ति के कलश तक पानी पहुंचाने के लिए 75 एचपी के 4 हाई हैड पम्प लगाए गए हैं, जो कलश तक करीब डेढ़ फीट चौड़ी दो पाइप लाइनों से पानी पहुंचाएंगे। जहां से मूर्ति के कलश से चंबल नदी में जल गिरेगा। यह जल प्रतिमा के नीचे एक विशेष कुंड में एकत्र होगा। जहां इस पानी को रिसाइकल कर वापस पंपों की सहायता से प्रतिमा के कलश तक पहुंचा दिया जाएगा।

स्क्रीन पर नजर आएगा उद्घाटन कार्यक्रम
रिवरफ्रंट, ऑक्सीजोन व अन्य स्थलों के उद्घाटन कार्यक्रम को कोटावासी घर के पास से देख सकेंगे। शहर में जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

चंबल रिवरफ्रंट पर चंबल माता की मूर्ति के कलश से पानी छलकेगा। यह नजारा पानी की बोट में बैठकर देखा जा सकेगा। इसके अलावा कुन्हाड़ी की ओर के रिवरफ्रंट घाट से भी यह नजारा देखा जा सकेगा। शांति धारीवाल, यूडीएच मंत्री

कोटा आ सकती हैं प्रियंका वाड्रा
चम्बल रिवर फ्रन्ट का लोकार्पण 12 सितम्बर को किया जाना प्रस्तावित है। लोकार्पण समारोह में कांग्रेस नेत्री प्रियंका वाड्रा आ सकती है। लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री समेत पूरी केबिनेट शामिल होगी। 13 सितम्बर को ऑक्सीजोन सिटी पार्क का लोकार्पण किया जाएगा। इसी दिन सुबह 11 बजे शीश महल में केबिनेट की बैठक होगी। लोकार्पण समारोह में फिल्म स्टार अभिताभ बच्चन को बुलाया जाना था, उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया है। कुछ माह बाद विधानसभा चुनाव होने है, ऐसे में राजनीतिक संदेश देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व में से किसी बड़े पदाधिकारी को बुलाने पर चर्चा चल रही है। मोटे तौर पर प्रियंका वाड्रा का नाम सामने आया है। जानकारों का कहना है कि लोकार्पण से पहले 10 सितम्बर को प्रियंका को बुलाया जा सकता है। मल्टीपरपज स्कूल से गुमानपुरा इंदिरा गांधी सर्किल तक रोड शो व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व में प्रियंका को आमंत्रण भेज दिया है। उनकी सहमति नहीं आई है।

Published on:
07 Sept 2023 06:03 pm
Also Read
View All