
छबड़ा.बारां. जिले में बाल हिंसा लगातार बढ़ रही है। अचानक बाल अपराध के मामलों में वृद्धि होने से पुलिस भी परेशान है। हालात यह है कि छोटे-छोटे मामलों में बच्चे चाकू छुरी तक का उपयोग करने लगे हैं। बुधवार को ही यहां करीब आठ वर्षीय बालक ने साइकिल की टक्कर लगने से अपने ही हम उम्र बालक पर चाकू से हमला कर दिया।
बालक को तुरन्त अस्पताल ले जाया गया। जहां से उपचार के बाद उसकी छुट्टी कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार छबड़ा निवासी सईद खां के पांचवी कक्षा में पढऩे वाले नौ वर्षीय पुत्र पर बुधवार को उसी के हम उम्र एक अन्य बालक ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
पुलिस भी पशोपेश में है कि इस तरह का आपराधिक कदम बालक ने कैसे उठाया। पुलिस ने हमला करने वाले बालक को थाने में बुला कर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे चाकू रास्ते में मिला था। उसे पीडि़त बालक ने एक दिन साइकिल की टक्कर मार दी थी। इस मामले में पुलिस द्वारा दोनों बालकों के परिजनों के मध्य समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि बालक मासूम है । इसका एक और हम उम्र साथी है । दोनों के पास ही चाकू बताए गए हैं। दूसरी तरफ पीडि़त बालक ने बताया कि हमलावर उसकी साइकिल चुरा कर ले जा रहा था। इस पर उससे उसकी कहासुनी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस ने बाल अपराध पर चिंता जताई है कि नन्हें हाथों में धारधार हथियार कैसे पहुंच रहे हैं। उन्होंने परिजनों से बच्चों की गतिविधियां पर नजर रखने व शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया है। इस तरह की लापरवाही बच्चों व समाज दोनों के लिए ही घातक है।