कोटा

OMG: कोटा में इम्मानुअल हॉस्टल से आजाद कराए बच्चे बाल गृह से भागे, रातभर ढूंढती रही टीम

करनी नगर विकास समिति के बाल सुधार गृह से बुधवार अलसुबह 4 बच्चे गायब हो गए। ये वही बच्चे हैं जिन्हें इम्मानुअल संस्थान से मुक्त कराया था।
2 min read
May 24, 2018
Children's run away from Bal grah
OMG: कोटा में इम्मानुअल हॉस्टल से आजाद कराए बच्चे बाल गृह से भागे, रातभर ढूंढती रही टीम

कोटा . गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित करनी नगर विकास समिति के बाल सुधार गृह से बुधवार अलसुबह 4 बच्चे गायब हो गए। ये वही बच्चे हैं जिन्हें 4 दिन पहले बाल कल्याण समिति ने रायपुरा स्थित इम्मानुअल संस्थान से मुक्त कराया था। सुधार गृह अधीक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।



बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष हरीश गुरुबक्शानी ने बताया कि दिन में बाल सुधार गृह के अधीक्षक से सूचना मिली कि इम्मानुअल संस्थान से मुक्त कराए जिन 20 बच्चों को उनके यहां रखा था। उनमें से 4 बच्चे अलसुबह कहीं चले गए। इसकी सूचना उन्होंने सुबह गुमानपुरा थाने में दी। इसके बावजूद पुलिस ने समय पर मुकदमा दर्ज नहीं किया वरन् उनसे ही बच्चों से संबंधित जानकारी लेकर जबरन परेशान किया। जबकि पुलिस को तुरंत मुकदमा दर्ज कर समिति को अवगत कराना चाहिए था।

गुरुबक्शानी ने बताया कि उन्होंने 19 व 20 मई को एसपी को ईमेल भेजकर सभी शेल्टर होम में रखे गए बच्चों की सुरक्षा मुहैया कराने को कहा था। सीआई से जानकारी लेने के बाद उन्होंने इस संबंध में गृहमंत्री को फोन पर पूरा मामला बताया। गृहमंत्री ने आईजी को फोन किया। गृहमंत्री के हस्तक्षेप केबाद रात को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।


दीवार फांद कर जा सकते हैं

इधर बाल सुधारगृह के अधीक्षक हर्षित गौतम ने बताया कि उन्हें केयर टेकर ने सुबह सूचना दी जब वह नाश्ते के समय बच्चों की उपस्थिति लेने गए तो बच्चे नहीं मिले। गृह का मुख्य दरवाना बंद रहता है। केयर टेकर व सुरक्षा गार्ड भी रहते हैं। संभावना है कि बच्चे लघुशंका के लिए देर रात कमरे से निकले हों और दीवार फांद कर भाग गए हों।


रिपोर्ट देने के बाद पुलिस ने रात को मुकदमा दर्ज किया। वहीं गुमानपुरा सीआई आनंद यादव ने बताया कि बाल सुधार गृह से आसाम के 4 बच्चे गायब होने के संबंध में सुबह थाने पर केवल बच्चों के फोटो दिए गए थे। उनका हुलिया व अन्य जानकारी दोपहर तक नहीं दी गई। लेकिन पुलिस ने अपने स्तर पर ही टीमें बनाकर बच्चों की तलाश शुरू कर दी थी। सुधार गृह के प्रबंधन को बुलाकर जानकारी ली, इसके बाद मुकदमा दर्ज किया।

Published on:
24 May 2018 12:40 pm