नोएडा

आई एम गोइंग टू हाई जम्प सुसाइड…लिखकर गेपरनाथ की 500 फीट गहरी घाटी में कूद गया छात्र, 7 घंटे बाद निकला शव

गहराई में गिरने से हुआ क्षत-विक्षत
less than 1 minute read
• •
Updated: 29 Sep 2016, 8:47 PM IST
Feature image

कोटा. छत्तीसगढ़ निवासी एक छात्र ने बुधवार को गेपरनाथ की घाटी में कूदकर खुदकुशी कर ली। ऊंचाई से गिरने उसका शव क्षत-विक्षत हो गया।

पुलिस व आरएसी के जवानों ने गुरुवार को 500 फीट गहराई से करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद शव को निकाला।

थानाधिकारी रामनाथ सिंह ने बताया कि बुधवार रात गेपरनाथ की घाटी में कूदकर खुदकुशी की सूचना मिली थी, लेकिन अंधेरे में कुछ नजर नहीं आया।

गुरुवार सुबह 6 बजे पुलिस फिर वहां पहुंची तो एक शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ था। सीआई ने बताया कि तलाशी लेने पर मृतक की पेंट से एक सुसाइडल नोट मिला।

जिससे उसकी पहचान छत्तीसगढ़ निवासी अभिषेक साहू (17) के रूप में हुई। शव को ऊपर लाने के लिए दोपहर तक मशक्कत चलती रही।

करीब 500 फीट गहराई में पड़े शव को कम्बल में लपेटकर विशेष स्ट्रेचर पर रखा, जिसे रस्सी से बांधकर आरकेपुरम् थाने की जीप के जरिये खींचा गया। दोपहर 1.15 बजे करीब शव को बाहर निकाला गया।

सीआई ने बताया कि छात्र यहां दो साल से अपनी मां के साथ महावीर नगर तृतीय स्थित किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

अभिषेक बुधवार सुबह 9 बजे करीब कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद घर नहीं पहुंचा। खुदकुशी की सूचना घाटी में रहने वाले बाबा ने बोराबास चौकी पर दी थी।

सूत्रों के अनुसार, अभिषेक ने कुछ दिन पहले अपने दोस्तों को रुपए दिए थे। इस बात को लेकर मां ने उसे डांटा भी था। सीआई ने बताया कि अंग्रेजी में लिखे एक पेज के नोट में सुसाइडल नोट मृतक ने लिखा कि वह ऊंचाई से कूदकर खुदकुशी करने जा रहा है। इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार है। उसने मां, पिता व दोस्तों से माफी मांगी है।

Published on: