कोटा

Suicide : साहूकार ने इतना सताया कि पिता दो पुत्रों के साथ ट्रेन के आगे कूदा, मौत

सुसाइड नोट में लगाया कर्ज देने वाले पर परेशान करने का आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की
2 min read
• •
Updated: 5 Jul 2018, 6:35 PM IST
Kota
साहूकार ने इतना सताया कि पिता दो पुत्रों के साथ ट्रेन के आगे कूदा, मौत

कोटा. दिल्ली के बुराड़ी में एक ही परिवार के ११ जनों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि उद्योग नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को ५० हजार रुपए के कर्ज से परेशान एक पिता ने अपने दो पुत्रों के साथ ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। मृतक परिवार ने सुसाइड नोट में कर्जा देने वाले पर परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बूंदी जिले के देईखेड़ा निवासी प्रकाशचंद जैन (66) परिवार समेत श्रीराम नगर कच्ची बस्ती में सुभाष राठौर के मकान में किराए से रह रहे थे। वे यहां किराने की दुकान व खल-चूरी का व्यवसाय करते थे। उन्होंने अपने दो पुत्रों तरूण जैन(30) व अनिल जैन(28) के साथ नए बस स्टैंड के सामने रेलवे ट्रेक पर मालगाड़ी के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली।

हादसे में तरूण व अनिल के शव तो क्षत-विक्षत हो गए। सूचना मिलते ही वृत्ताधिकारी नरसीलाल मीणा, उद्योग नगर सीआई लोकेन्द्र पालीवाल व एएसआई सुरेन्द्र सिंह समेत पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। प्रकाश की जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर उनकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और तीनों शव एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजन तीनों के शव अपने गाव देईखेड़ा ले गए।


50 हजार रुपए कर्ज था

वृत्ताधिकारी नरसीलाल मीणा ने बताया कि मृतक प्रकाश की जेब से मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि उन्होंने सूरज गुर्जर नामक व्यक्ति से कुछ समय पहले एक लाख रुपए कर्ज लिया। कुछ रकम अदा भी कर चुके थे। करीब 50 हजार रुपए बकाया थे जिसके लिए वह उन्हें परेशान कर रहा है। परेशान होकर ही उन्होंने दोनों बेटों के साथ खुदकुशी की। पुलिस ने परेशान करने वाले के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।


खाली कागज पर दस्तखत, दुकान की चाबी भी रखी

सूत्रों ने बताया कि प्रकाश आर्थिक तंगी से परेशान थे। उन्होंने जिससे कर्जा लिया था उसे आधी रकम तो चुका दी थी। लेकिन कर्जा देने वाले ने इनसे खाली कागज पर हस्ताक्षर करा लिए थे। वह करीब 30हजार रुपए से अधिक का किराने का सामान भी ले गया था। साथ ही उसने डीसीएम में ही उनकी किराने की दुकान की चाबी भी ले ली थी। संभवत: इससे तंग आकर उन्होंने यह इतना बड़ा कदम उठाया।

पारिवारिक स्थिति सही नहीं

परिजनों ने बताया कि चार भाइयों में प्रकाश चंद सबसे बड़े थे। सभी भाई अलग-अलग रहते हैं। प्रकाश अपनी पत्नी कमला व बच्चों के साथ कई साल से किराए के मकान में रहकर किराने की दुकान चला रहे थे। दो पुत्र तरूण व अनिल और तीन पुत्रियां चंचल, पिंकी व एक अन्य हैं। तरुण का कुछ माह पहले विवाह हुआ लेकिन उसकी पत्नी एक माह में ही घर छोड़कर चली गई। दोनों पुत्र अपने पिता के साथ ही दुकान पर काम करते थे। चंचल की शादी बूंदी के कोटड़ा में हुई है। पिंकी की भी शादी हो गई थी लेकिन कई साल पहले पति की मौत होने से वह भी पिता के साथ ही रहती है। एक अन्य बेटी मानसिक रूप से कमजोर है। वह भी अपने पिता के साथ ही रहती है। इन सबके चलते भी प्रकाश चंद पारिवारिक तनाव में रहते थे।

Published on: