कोटा

कलक्टर साब कुत्ते काटते हैं, मैं क्या करूं, आप ही कोई उपाय बताओ

जनसुनवाई में एक व्य​क्ति ने कलक्टर साब से कहा कि कुत्ते काटते हैं, निगम वाले पकड़ते है नहीं, क्या करें, आपके पास कोई उपाय हो तो बताओ

2 min read
Feb 06, 2026
जिला कलक्टर ने सुने आमजन के परिवाद

KOTA NEWS आमजन की परिवेदनाओं एवं समस्याओं की संवेदनशील वातावरण में सुनवाई के लिए जिला कलक्टर पीयूष समारिया द्वारा शुरू किए गए नवाचार के तहत तलवंडी स्थित स्वामी दयानंद सरस्वती सामुदायिक केन्द्र में आयोजित दूसरे ‘‘शहरीजनसम्पर्ककार्यक्रम’’ में 70 परिवादों की सुनवाई जिला कलक्टर ने की। इसमें 4 फरवरी को आयोजित प्री कैम्प में प्राप्त हुए 35 परिवाद भी शामिल हैं। जनसुनवाई में एक व्य​क्ति ने कलक्टर साब से कहा कि कुत्ते काटते हैं, निगम वाले पकड़ते है नहीं, क्या करें, आपके पास कोई उपाय हो तो बताओ। तलवंडी सेक्टर सी में आवारा कुत्तों की समस्या की शिकायत पर जिला कलक्टर ने अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्यवाही के निर्देश निगम उपायुक्त को दिए।

निराकरण के निर्देश दिए

जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया ने तलवंडी, जवाहर नगर एवं आसपास के क्षेत्र से आए लोगों की परिवेदनाएं व्यक्तिगत सुनकर मौके पर ही केडीए, नगर निगम, पीएचईडी एवं बिजली विभाग के अधिकारियों को यथासंभव निराकरण के निर्देश दिए।जनसंपर्क कार्यक्रम में नाली निर्माण, नालों की सफाई, खाली पड़े प्लॉट पर कचरा एकत्र होने से बदबू आने जैसी शिकायतों का समाधान करने के शिकायत की जिस पर जिला कलक्टर ने निगम एवं केडीए अधिकारियों को समस्या समाधान के निर्देश दिए।

पानी का प्रेशर कम आने की शिकायत

जवाहर नगर गली नंबर 6 में पानी का प्रेशर कम आने की शिकायत पर जलदाय विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। शहरी जनसंपर्क कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वार्डों एवं कॉलोनियों में व्याप्त समस्याओं विशेषकर नाली एवं सीसी सड़क निर्माण, खाली प्लॉट पर कचरा एकत्र होने, मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण जैसी समस्याएं आई जिनके सम्बंध में जिला कलक्टर ने निगम एवं केडीए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रम में आए शहरी क्षेत्र के लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनी गई और कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिन परिवादों का तुरंत समाधान नहीं निकल सकता उनका विवरण ले लिया गया है और उनका फॉलोअप कर समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। जनसुनवाई में नगर निगम आयुक्त ओ पी मेहरा, उपायुक्त भावना सिंह, जवाहर जैन केडीए, लाडपुरा एसडीएम गजेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों द्वारा परिवादों के संबंध में जिला कलक्टर के निर्देशानुसार कार्यवाही कर आमजन को राहत प्रदान करने के संबंध में प्रयास किए गए।

Published on:
06 Feb 2026 08:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर