
रावतभाटा. बेगूं विधानसभा क्षेत्र से भाग्य अजमा रहे कुल 8 प्रत्याशियों में से 6 प्रत्याशियों द्वारा रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष चुनाव खर्च का ब्यौरा पेश किया। इसमें अभी तक सबसे अधिक चुनाव खर्च में कांग्रेस प्रत्याशी का पहला, भाजपा का दूसरा व आम आदमी पार्टी, जनता सेना राजस्थान पार्टी प्रत्याशी तीसरा स्थान है। दो प्रत्याशियों को चुनाव खर्च पेश नहीं करने पर नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया है।
विधानसभा चुनाव रिटर्निंग अधिकारी व बेगूं के उपखंड अधिकारी बद्रीलाल राठौर ने बताया कि बेगूं विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से 25 नवम्बर को चुनाव खर्चे का ब्यौरा पेश किया। जिसमें ढोल, माला, डीजल, पगड़ी, टेंट, माइक, चाय, दरी, कुर्सी, होर्डिंग, नामांकन के समय धरोहर राशि समेत कुल 1 लाख 63 हजार 647 रुपए का खर्चा होना दर्शाया गया है। भाजपा प्रत्याशी की ओर से 22 नवम्बर तक पेश खर्च के ब्यौरे में दुपट्टा, टोपी, बैनर, फ्लैक्स, गोल स्टीकर, पोस्टर, चाय, नामांकन के समय धरोहर राशि समेत कुल 1 लाख 53 हजार 802 रुपए का खर्चा होना दर्शाया गया है।
आमआदमी पार्टी प्रत्याशी व जनता सेना राजस्थान पार्टी प्रत्याशी की ओर से चुनाव खर्च का ब्यौरा पेश किया गया। जिसमें नामांकन के समय रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष जमा कराई गई कुल 10 हजार रुपए धरोहर राशि ही अभी तक खर्च होना बताया गया है। निर्दलीय प्रत्याशी की ओर से पेश चुनाव खर्च के ब्यौरे में कुल 5 हजार 480 रुपए वहीं बसपा प्रत्याशी की ओर से पेश ब्यौरे में 5 हजार रुपए ही खर्च होना बताया गया है।
इन्हें नोटिस जारी
उन्होंने बताया कि लोक जनशक्ति पार्टी प्रत्याशी गोपाललाल गुर्जर, भारतीय युवा शक्ति पार्टी प्रत्याशी प्रभुलाल गुर्जर समेत दो प्रत्याशी की ओर से अभी तक चुनाव खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्हें नोटिस भेजकर ब्यौरा प्रस्तुत करने को कहा गया है।