बारां, छबड़ा, खानपुर, अकलेरा, इंद्रगढ व इटावा में 7 वार्डों में उपचुनाव, चार पर कांग्रेस जीती, तीन भाजपा के खाते में आई
बारां.झालावाड़. संभाग में 7 वार्डों में हुए उपचुनाव में कांग्रेस भारी पड़ी। चार वार्डों में कांग्रेस जीती, वहीं तीन जगह भाजपा प्रत्याशी जीते। बारां नगरपरिषद के रिक्त दो वार्डों में हुए उप चुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया। वार्ड 11 में कांग्रेस प्रत्याशी गायत्री पारस ने भाजपा की रानी सोन को 162 व वार्ड 38 में कांग्रेस के सुनील सांखला ने भाजपा के अशोक गांधी को 239 मतों के अंतर से हराया। बारां नगर परिषद में सभापति के रिक्त पद पर बुधवार को चुनाव होंगे। उधर, छबड़ा के वार्ड 15 में भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई है। भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र मालव ने कांग्रेस के गजानंद गाडरी को 187 मतों के अंतर से हराया। यह सीट पहले कांग्रेस के कब्जे में थी।
झालावाड़ में दोनों बराबर
खानपुर व मनोहरथाना के एक-एक वार्ड के उप चुनाव में एक सीट भाजपा व एक सीट कांग्रेस को मिली है। खानपुर में पंचायत बनने के बाद 24 साल में पहली बार कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है। जबकि इस सीट को जीतने के लिए संसदीय सचिव नरेंद्र नागर, सहित भाजपा के बड़े पदाधिकारियो ने दिन रात दौरे और जनसंपर्क किया था। इसके बाद भी सीट को नही बचा सके। यहां पंचायत समिति के वार्ड 18 में भाजपा के जनपद दौलतराम रायका के निधन से सीट खाली होने पर उप चुनाव हुए थे। कांग्रेस प्रत्याशी रामस्वरूप मीना को 1582 तथा भाजपा के विजेश रायका को 1369 मत मिले। वहीं मनोहरथाना के वार्ड 3 में भाजपा की हंसा लोधा ने कांग्रेस की रीना लोधा 165 मतों से हराया।
मामूली अंतर से भाजपा जीती
बूंदी जिले की इंद्रगढ़ नगर पालिका के वार्ड 9 में हुए उपचुनाव में भाजपा ने फिर जीत दर्ज की। यहां भाजपा की कल्पना सेन ने कांगे्रस प्रत्याशी संजू कहार को 19 मतों के अन्तर से हराकर अपनी जीत दर्ज की।
इटावा में भी हाथ भारी
इटावा पंचायत समिति के वार्ड के लिए हु़ए उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी सत्यनारायण ने 114 मतों से जीत हासिल कर इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा है। कांग्रेस प्रत्याशी को 1668 मत मिले। जबकि प्रतिद्वंदी भाजपा के मनोज बैरवा को 1554 मत हासिल हुए। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी की 114 मतों से जीत हुई। नोटा में 143 मतदाताओं मत डाले।