कोटा

कोटा में पूर्व मंत्री के गांव में बवाल, जिला प्रमुख सहित कांग्रेस-भाजपा के 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज

विधायक हीरालाल नागर की विकास गौरव यात्रा पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने जिला प्रमुख सहित सौ से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुकदमा दर्ज किया है
2 min read
Aug 29, 2018
Gaurav yatra kota
कोटा में पूर्व मंत्री के गांव में बवाल, जिला प्रमुख सहित कांग्रेस-भाजपा के 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज

कोटा/ सांगोद. विधायक हीरालाल नागर की विकास गौरव यात्रा पर कुंदनपुर गांव में पथराव करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को जिला प्रमुख सहित सौ से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट व पथराव के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें एक दर्जन नामजद हैं। कांग्रेस की ओर से सात नामजद व सौ भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट एवं पथराव का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। तीसरा मामला पुलिस ने अपनी तरफ से दर्ज किया है। मंगलवार को कुंदनपुर में शांति का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों ने सोमवार देर रात सांगोद थाने में मामले दर्ज कराए। इसके बाद रात तीन बजे मामला शांत हुआ। पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष ओम अडूसा की रिपोर्ट पर जिला प्रमुख सुरेन्द्र गुर्जर, रमाकांत शर्मा, नरेश गुर्जर, उपसरपंच कृष्णमुरारी सेन, सुनील, हेमंत मण्डाप, राजू गुर्जर, पृथ्वीराज सिंह, दिनेश, गिरिराज, सुनील, मनोज मेहरा तथा कांग्रेस की ओर से जिला प्रमुख की रिपोर्ट पर ओम अडूसा, मनोज शर्मा, सत्यनारायण, कुंजबिहारी, घनश्याम, तुलसीराम, भानुप्रताप समेत दोनों तरफ से सौ-सौ अन्य लोगों के खिलाफ भादस की धारा 143, 323, 341, 336 में मामला दर्ज किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत में आरोपियों पर धारा 427 भी लगाई गई है।

देर रात तक रही भागदौड़
पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मामले को शांत कराने के लिए सोमवार देर रात तक भागदौड़ करते रहे। विधायक हीरालाल नागर करीब साढ़े ग्यारह बजे कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। यहां भाजपा मंडल अध्यक्ष ओम अडूसा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दी।

उधर विधायक के काफिले के गुजरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर धरना देकर बैठ गए तथा पुलिस के वाहनों को नहीं निकलने दिया। सोमवार रात करीब 12 बजे कोटा से पूर्व मंत्री भरत सिंह कुंदनपुर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मामले की जानकारी लेकर करीब डेढ़ बजे सांगोद थाने पहुंचे और एएसपी गोपाल सिंह कानावत व अन्य अधिकारियों से चर्चा के बाद जिला प्रमुख सुरेन्द्र गोचर ने पुलिस को शिकायत दी।


यह है मामला

उल्लेखनीय है कि गौरव यात्रा के कुंदनपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की काले झंडे दिखाने के दौरान पुलिस से झड़प हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल वाहनों पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने आंसू गैस के तीन गोले छोड़े और लाठियां फटकार कर उन्हें खदेड़ा। इस दौरान एक दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चोटें आई। इनका मंगलवार को पुलिस ने मेडिकल करवाया।


राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

सांगोद पुलिस ने अपने स्तर पर भी 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी महेन्द्र मीणा की ओर से करवाए गए मामले में भाजपा व कांग्रेस के अज्ञात लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा एवं पथराव करने का मामला दर्ज किया है। अभी मामले में नामजद कोई नहीं है। वीडियो रिकार्डिंग व अन्य साधनों से इसकी जांच की जाएगी। उसके बाद जो नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।


पूर्व मंत्री ने पूछी कुशलक्षेम

कुंदनपुर. क्षेत्र में मंगलवार को शांति रही। सुबह पूर्व मंत्री भरत सिंह कांगनिया पहुंचे तथा हंगामे के दौरान पुलिस के बल प्रयोग में घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान कार्यकर्ताओं से भी घटना को लेकर चर्चा की।

Published on:
29 Aug 2018 07:00 am