कोटा

कोटा में बकरामंडी से साजीदेहड़ा पहुंचा कोरोना वायरस

एक गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव, रामपुरा अस्पताल में डॉक्टर, एम्बुलेंस चालक व नर्स को क्वारंटाइन किया    
less than 1 minute read
May 15, 2020
kota_rular_sp.jpg

कोटा. शहर में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। संक्रमण अब बकरामंडी से साजीदेहड़ा कॉलोनी में पहुंच चुका है। गुरुवार को साजीदेहड़ा निवासी 21 वर्षीय गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि सुबह आई जांच रिपोर्ट में साजीदेहड़ा निवासी 21 वर्षीय गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। कोटा जिले में अब तक 270 कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।

जेके लोन गई थी महिला
पॉजिटिव महिला 10 मई को जेके लोन अस्पताल परामर्श के लिए गई थी। वहां उसकी एक बार रैन बसेरे में तथा दूसरी बार जेके लोन में सोनोग्राफी जांच हुई। तबीयत ज्यादा खराब होने पर 13 मई को रामपुरा जिला अस्पताल में पहुंची। यहां कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। गुरुवार सुबह जांच रिपोर्ट में वह पॉजिटिव पाई गई। घर परिवार में 4 सदस्य हैं। पति किराने का सामान लेने, दूध लेने बाजार में जाता रहता था। उनके यहां किराएदार सब्जी बेचने का कार्य करता है। वह रोजाना सब्जीमंडी जाता है। मेडिकल टीम ने उनके परिजनों के सेम्पल लिए हैं।

उधर, रामपुरा जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एच.एल. मीणा ने बताया कि प्रसूता के सम्पर्क में आने वाले डॉक्टर, एम्बुलेंस चालक व नर्स को क्वारंटाइन किया।

गर्भवती महिलाएं आ रही चपेट में
कोरोना वायरस गर्भवती महिलाओं पर भी अटैक कर रहा है। पिछले एक माह में 9 गर्भवती महिलाएं कोरोना पॉजिटिव मिल चुकी है।

580 सेम्पल उठाए
सीएमएचओ डॉ. बी.एस. तंवर ने बताया कि दस टीमों ने गुरुवार को अलग-अलग इलाकों से 580 सेम्पल उठाए। चन्द्रघटा से 141 हाई रिस्क ग्रुप मरीजों के सेम्पल लिए। इनमें प्रसूताएं भी है। बकरामंडी से 100, छावनी रामचन्द्रपुरा से 140, गुमानपुरा सिंधी कॉलोनी से 100, कराई के स्थान क्षेत्र से 100 सेम्पल लिए।

Published on:
15 May 2020 12:20 am