कोटा

सीआरपीएफ कमांडेंट चेतन चीता की सुरक्षा में सेंध, कोटा एयरपोर्ट पर रिसीव करने आए चाचा के साथ हुई हाथापाई

कोटा एयरपोर्ट पर कीर्ति चक्र विजेता सीआरपीएफ कमांडेंट चेतन चीता की सुरक्षा तार-तार हो गई। कुछ लोगों ने उनके चाचा के साथ हाथापाई तक कर डाली।
2 min read
• •
Updated: 1 Dec 2017, 5:28 PM IST
Chetan Cheeta security breaks at  Kota Airport, CRPF Commandant Chetan Cheetah Wants Go Back Kashmir, CRPF Commandant Cheeta, CRPF Commandant, Chetan Kumar Cheetah, CRPF, Bandipora Encounter, CRPF commandant Chetan Cheeta, Chetan Cheeta come to Kota, Rajasthan Patrika Kota, Kota Rajasthan Patrika, PM Modi, Ashok Chakra
CRPF commandant Chetan Cheeta security breaks at Kota Airport

सेना का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले सीआरपीएफ कमांडेंट चेतन चीता की सुरक्षा में कोटा एयर पोर्ट पर सेंध लग गई। जयपुर फ्लाइट के कोटा एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद जैसे ही चेतन चीता शहीद स्मारक की ओर जाने लगे, एक निजी कोचिंग संस्थान के लोगों ने उन्हें घेर लिया और अपने साथ ले जाने कि जिद पर अड़ गए। जिसका वहां मौजूद चीता के चाचा कुंदन चीता और अन्य लोगों ने विरोध किया तो उनके साथ कोचिंग संस्थान के लोगों ने हाथापाई कर दी। इस दौरान एयरपोर्ट पर पर्याप्त पुलिस मौजूद न होने से मामला और बिगड़ गया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया इसके बाद मामला शांत हुआ।

कश्मीर के बांदीपोर सेक्टर में आतंकी मुठभेड़ में 16 गोलियां लगने के बावजूद 2 दुर्दांत आतंकवादियों को मार गिराने वाले सीआरपीएफ कमांडेंट चेतन चीता 2 दर्जन से ज्यादा ऑपरेशन और 40 दिन एम्स दिल्ली के ट्रोमा सेंटर में कोमा में रहने के बाद पहली बार अपने घर कोटा वापस आए थे। दोपहर में जयपुर फ्लाइट से वह कोटा एयरपोर्ट पहुंचे। जहां से उन्हें पहले शहीद स्मारक जाना था, लेकिन एयरपोर्ट पर पहले से ही मौजूद एक निजी कोचिंग संस्थान के लोगों ने उन्हें शहीद स्मारक की बजाय अपने संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में ले जाने की जिद पर अड़ गए।

चेतन चीता के चाचा से की हाथापाई

जब कोचिंग संस्थान के लोग सीआरपीएफ कमांडेंट चेतन चीता को जबरन अपनी कार में बिठाने लगे तो उनके चाचा कुंदन चीता समेत एयरपोर्ट पर मौजूद कई लोगों ने इसका विरोध कर दिया। जिससे नाराज निजी कोचिंग संस्थान के लोग भड़ गए और धक्का-मुक्की करने लगे। बात बिगड़ी तो नौबत हाथापाई तक आ गई और चेतन चीता के चाचा के साथ भी लोगों ने हाथापाई कर डाली। हालांकि बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद चेतन चीता पहले कोचिंग संस्थान की ओर से आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे और वहां उन्होंने बच्चों के तमाम सवालों का जवाब भी दिया।

कड़ी सुरक्षा में रखा गया है चीता को

दिल्ली एम्स से डिस्चार्ज होने के बाद चेतन चीता को दिल्ली के आर्मी एरिया में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है, लेकिन कोटा में उनकी सुरक्षा को लेकर कोई खास इंतजाम नहीं थे। जिसके चलते इस तरह की घटना घटी। जबकि कीर्ति चक्र से सम्मानित सैन्य अधिकारी के लिए प्रोटोकॉल के मुताबिक विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए थे।

लोगों ने किया जोरदार स्वागत

इससे पहले सीआरपीएफ कमांडेंट चेतन चीता के कोटा पहुंचने पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट के बाहर भारी भीड़ जमा थी। लोगों ने चीता पर फूलों की बारिश की और भारत माता के नारे लगाए। अपने स्वागत से अभिभूत चीता ने कहा कि वह घर में मिले इस सम्मान को कभी भूल नहीं पाएंगे। इस दौरान सीआरपीएफ कमांडेंट चेतन चीता ने एक बार फिर बॉर्डर पर जाकर दुश्मनों के हौंसले पस्त करने की हुंकार भी भरी।

Published on: