कोटा

Kota: भतीजे के शव के पास बैठकर बिलखता रहा चाचा, दरा घाटी के लंबे जाम ने फिर ले ली बच्चे की जान, अब तक 5 की मौत

12 Year Child Died In Road Accident: कोटा की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने जाम से निकलने के लिए तेज गति से ट्रक को चलाया। ट्रक के आगे चल रहे बाइक सवार नरेश के पीछे बैठा उसके भतीजा अनमोल को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।

2 min read
Jun 27, 2025

Traffic Jam On National Highway 52: राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर स्थित दरा घाटी में लगने वाले जाम ने गुरुवार को फिर एक बच्चे की जान ले ली। दरा घाटी में लगने वाले जाम से मरने वाले की संख्या अब तक पांच हो गई है।

जाम में आगे निकलने की होड़ में बाइक सवार युवक नरेश के पीछे बैठे उसके भतीजे अनमोल पुत्र मोडूलाल 12 वर्ष निवासी भटवाड़ा जिला झालावाड़ को ट्रक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मोड़क थाने के एसएचओ उत्तम सिंह ने बताया कि ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। बाइक पर पीछे बैठा अनमोल गिरने के बाद ट्रक के टायर की चपेट में आ गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश की जा रही है।

शव के पास बैठकर बिलखता चाचा (फोटो: पत्रिका)

गौरतलब है कि दरा घाटी में आए दिन जाम लगता है। गुरुवार को भी घाटी में दो ट्रकों के खराब होने और भेड़ों के रेवड़ निकलने से जाम लग गया। जाम सुबह 5 बजे से लगा जो दिनभर लगा रहा। इस दौरान सड़क के दोनों और वाहनों की कतार लग गई। खराब हुए ट्रकों को क्रेन की सहायता से हटाया गया। उसी दौरान भेड़ों का रेवड़ भी सड़कों पर आ गया। इससे जाम के हालत बन गए। जाम में बसें और निजी वाहनों में यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्री फंसे रहे। उमस और तेज गर्मी से यात्रियों को काफी समस्या हुई।

दरा घाटी में पिछले एक वर्ष से आए दिन जाम लगता है। जाम के कारण जनवरी माह में एक महिला ने एबुलेंस में ही दम तोड़ दिया था। उसके दस दिन बाद रामगंजमंडी के व्यक्ति को ह्दयघात हुआ था, वो भी जाम में फंसने से अस्पताल देरी से पहुंचा और दम तोड़ दिया। तीसरी मौत खीमच के व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर दरा घाटी में निजी वाहन के फंसे रहने से मौके पर ही मौत हो गई।

चौथी मौत मोडक थाना क्षेत्र के भटवाड़ा गांव के बच्चे को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में कार के फंसने से मौत हो गई थी। पांचवीं मौत गुरुवार को जाम में जल्दी निकलने के प्रयास में बालक को ट्रक ने कुचल दिया।

वाहनों की रफ्तार पड़ रही भारी

दरा घाटी में जाम लगा हुआ था। कोटा की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने जाम से निकलने के लिए तेज गति से ट्रक को चलाया। ट्रक के आगे चल रहे बाइक सवार नरेश के पीछे बैठा उसके भतीजा अनमोल को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनमोल बाइक से उछलकर सड़क पर आ गिरा। इसी बीच ट्रक का टायर अनमोल को कुचलता हुआ निकल गया। ट्रक चालक वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को मोड़क अस्पताल पहुंचाया।

Updated on:
27 Jun 2025 10:03 am
Published on:
27 Jun 2025 09:37 am
Also Read
View All

अगली खबर