
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर निर्माणाधीन मुकुंदरा टनल का बाहर का दृश्य (फोटो: पत्रिका)
Delhi Mumbai Expressway Mukundra Tunnel: देश के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे अब राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनता जा रहा है। कोटा जिले के चेचट और आसपास के क्षेत्रों में इस परियोजना का असर साफ दिखाई देने लगा है। वर्ष 2021 में शुरू हुआ ये ड्रीम प्रोजेक्ट अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। एक्सप्रेस-वे के पूरी तरह शुरू होने के बाद क्षेत्र को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। व्यापार, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में भी तेजी से बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
फिलहाल निर्माण कार्य के चलते क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव बढ़ गया है जिससे लोगों को जाम और आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि राहत की बात ये है कि निर्माणाधीन मुकुंदरा टनल का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। टनल शुरू होने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुचारू होने की उम्मीद है और दिल्ली की ओर सफर पहले से कम समय में सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे परियोजना पर निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना में 2 प्रमुख निर्माण कंपनियों ने मिलकर साल 2024 तक मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा सफलतापूर्वक तैयार कर लिया था जिसके बाद मुंबई दिशा की ओर यातायात आंशिक रूप से शुरू कर दिया था। इससे क्षेत्र में आवागमन और कनेक्टिविटी में काफी सुधार देखने को मिला है।
अब सभी की नजरें परियोजना के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से मुकुंदरा टनल के शुरू होने पर टिकी हुई हैं, जिसका निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जैसे ही यह टनल पूरी तरह से चालू होगी एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का संचालन सुचारू हो जाएगा और लोगों को जाम से भी राहत मिलेगी।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे केवल सड़क परियोजना नहीं बल्कि चेचट के आर्थिक और औद्योगिक विकास का नया आधार बनकर उभर रहा है। एक्सप्रेस-वे शुरू होने से जहां आम लोगों का समय बचेगा, वहीं व्यापारियों की परिवहन लागत भी कम होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में चेचट हाड़ौती क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों में शामिल हो सकता है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।
Updated on:
27 May 2026 02:35 pm
Published on:
27 May 2026 02:01 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
