
कोटा.. जिले के सुल्तानपुर कस्बे के पंचायत समिति में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे मनरेगा संविदा कार्मिकों ने पैंतालीसवें दिन भी कार्य बहिष्कार कर धरना दिया।
बुधवार को सभी कार्मिकों ने सरकार द्वारा अभी तक भी कोई ध्यान नहीं देने पर आक्रोश के साथ नारेबाजी करते हुए आगामी विधानसभा चुनावोंं में चुनाव बहिष्कार का संकल्प लिया और कड़े आक्रोश के साथ संघ के रोहित कुमार मीणा के नेतृत्व में विकास अधिकारी योगेन्द्र खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर सामूहिक रूप से लिखित में सरकार को चेतावनी दी।
इस मौके पर कार्मिकों ने कहा कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया तो आगामी विधानसभा चुनावों में वे परिवार सहित मतदान का बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर सभी ने मांगे नहीं मानने पर सामूहिक रूप से मतदान बहिष्कार करने की शपथ भी ली।
भूख हड़ताल पर भी बैठेंगे
ज्ञापन में नाराज संविदा कार्मिकों ने बताया कि वह अपनी जायज मांग अधीनस्थ सेवा भर्ती के 4900 एवं कनिष्ठ लिपिकों के 19,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण करवाने की मांग को लेकर 45 दिनों से हड़ताल पर है, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
ऐसे में अब उनका धैर्य टूटने लगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ही कोई ध्यान नहीं दिया तो वे भूख हड़ताल पर बैठ सकते हैं।
ज्ञापन देने वालों में हरिश कुमार मीणा, पवन खंडेलवाल, तेजेन्द्र मीणा, सुरेन्द्र कुमार, अशोक शर्मा, बलराम शर्मा, रामसिंह गोचर,जितेन्द्र शर्मा, कृष्णमुरारी, लोकेश मेघवाल, शंकरलाल मीणा, चन्द्र्रप्रकाश, पप्पू खारवाल, देवेन्द्र सिंह समेत कई मौजूद थे।