कोटा

ये क्या! राजस्थान के इस डियर पार्क में अब डियर की जगह इस जानवर को लाने की तैयारी

ये क्या! राजस्थान के इस डियर पार्क में अब डियर की जगह इस जानवर को लाने की तैयारी
2 min read
• •
Updated: 10 Jul 2018, 2:31 AM IST
Feature image

कोटा.

शहर में जानलेवा साबित हो रही आवारा मवेशियों की समस्या का नगर निगम ने तोड़ निकालने की कवायद शुरू की है। खुले में विचरण करने वाले सांडों (नंदी) को निगम चम्बल नदी के तट पर बने डियर पार्क में छोडऩे की तैयारी में है। डियर पार्क तक कैसे मवेशियों को ले जाया जाएगा, इस पर चर्चा चल रही है। बारिश का दौर शुरू होते ही शहर में आवारा मवेशियों की गंभीर समस्या हो गई है।

प्रस्ताव कार्य समिति की बैठक में रखा जाएगा

खुले में घूमने वाले सांड आए दिन लोगों पर हमला कर रहे। निगम ने एक सप्ताह से आवारा मवेशी पकडऩे का अभियान भी चला रखा है। अब तक छह सौ से अधिक सांड व मवेशियों को पकड़ कर गोशाला भेजा जा चुका है। गोशाला भी ठसाठस भर गई। सांड गोशाला में भी उत्पात मचाते हैं। इसके चलते पार्षदों और महापौर ने सांडों को डियर पार्क में छोडऩे पर चर्चा की। इसका प्रस्ताव समिति अध्यक्षों की ओर से कार्य समिति की बैठक में रखा जाएगा।

अब नहीं हैं हरिण

दो दशक पहले चम्बल नदी के किनारे कोटा थर्मल से सटी जमीन पर नगर निगम ने हरिणों के लिए यह पार्क विकसित किया था। यहां हरिण सुरक्षित रहें, इसके लिए चारदीवारी भी बनाई थी। निगम के रिकॉर्ड में अब यहां हरिण नहीं हैं। करीब सात सौ बीघा से अधिक जमीन पर यह पार्क है। यह जमीन वन विभाग ने टोकन मनी पर निगम को आवंटित की थी। निगम की ओर से यहां एक कर्मचारी भी लगा रखा है।

दो साल पहले भी किए थे प्रयास

दो साल पहले भी महापौर महेश विजय,गोशाला समिति के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, उद्यान समिति के अध्यक्ष विनोद नायक, उपायुक्त राजेश डागा व अधिकारियों ने डियर पार्क की जगह देखी थी। इसके सांडों को छोडऩे के लिए उपयुक्त माना था। सांडों को शहर से भरकर यहां छोड़ा भी गया था। उद्यान समिति अध्यक्ष नायक का कहना है कि सांड छोडऩे से पहले पानी की खेल बनानी होगी। रास्ता भी सही करना होगा, ताकि आसानी से यहां पहुंच सकें।

Published on: