कोटा

ओवरटेक के चक्कर में ट्रक से टकराई कार, CNG टैंक फटने से लग गई आग, गोरखपुर की शादी से सूरत लौट रहे शख्स की दर्दनाक मौत

Car Truck Collision On Delhi Mumbai Expressway: आग की लपटें इतनी तेज थी कि चंद पलों में पूरी कार जलकर राख हो गई। कार से उठती लपटों ने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया।

2 min read
Jun 09, 2025
टक्कर के बाद जलकर राख हुई कार इन्सेट में मृतक (फोटो: पत्रिका)

Rajasthan Road Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। सनखेड़ा पुलिया के पास एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससें कार का सीएनजी टैंक फट गया और आग लग गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल यात्रियों को झालावाड़ अस्पताल रेफर किया गया है। गनीमत रही की कार में आग लगने से पहले ही कार में सवार सभी लोगों को राहगीरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इसके बाद कार में आग लग गई।

पुलिस के अनुसार यह हादसा शाम करीब 5.20 बजे हुआ। गोरखपुर से सूरत जा रही कार जब सनखेड़ा की पुलिया के पास पहुंची तो उसने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का सीएनजी टैंक फट गया और उसमें आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि चंद पलों में पूरी कार जलकर राख हो गई। कार से उठती लपटों ने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में लदी स्प्रे मशीनरी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। गनीमत रही कि ट्रक चालक और खलासी समय रहते कूदकर जान बचाने में सफल रहे।

चेचट थानाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने बताया कि कार में सवार तीन लोगों में से राकेश कुमार मौर्य (45), निवासी बेस्तान, सूरत (गुजरात) के गंभीर चोट आने से मौत हो गई। कार में उनके साथ सवार दिनेश भाई (72) के पांव में फ्रैक्चर और जयंत भाई (60) के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। राहगीरों ने कार से सभी को बाहर निकाला और चेचट अस्पताल पहुंचाया। जहां से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रेफर किया गया।

शादी से लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार सभी कार सवार गोरखपुर से शादी समारोह में शामिल होकर सूरत लौट रहे थे। उनके साथ चार अन्य कारें भी चल रही थी। हादसे की खबर मिलते ही साथ चल रहे रिश्तेदार चेचट हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों व मृतक को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद रामगंजमंडी, चेचट और भानपुरा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

लपटों में घिर गई कार और ट्रक

हादसे के बाद कार और ट्रक दोनों धूं-धूं कर जलने लगे। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। पास के गांव से पानी का टैंकर मंगवाया गया। कार की आग को तो बुझा लिया गया, लेकिन ट्रक की आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक की आग बुझाई गई। मृतक राकेश कुमार मौर्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगंजमंडी चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
09 Jun 2025 08:57 am
Published on:
09 Jun 2025 08:56 am
Also Read
View All

अगली खबर