
Delhi-Mumbai Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच बुधवार अलसुबह एक और दर्दनाक दुर्घटना सामने आई। आज ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निरीक्षण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शामिल होंगे। इसी बीच सुबह-सुबह हादसे की खबर सामने आ गई। दरअसल सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के जालिमपुरा इंटरचेंज के पास खड़ी एक टूरिस्ट मिनी बस को पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 50 साल के एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें 4 घायलों को गंभीर हालत में कोटा रेफर किया है।
टोल एंबुलेंस के कंपाउंडर दीपक शर्मा ने बताया कि टूरिस्ट मिनी बस में करीब 30 यात्री सवार थे जो उज्जैन में महाकाल के दर्शन करके वापस दिल्ली लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में ये मिनी बस दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी से भरी बताई जा रही है। घायल यात्री ने बताया कि कोटा के जालिमपुरा इंटरचेंज के पास मिनी बस रुकी हुई थी तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया।
हादसे में 50 साल के चरण सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कल्पना पत्नी अमर सिंह भंडारी (निवासी दिल्ली), गुड्डी पत्नी महेश जाटव (निवासी दिल्ली), ओमबीर पुत्र नेकलीराम (निवासी बागपत) और उषा पत्नी भगत सिंह (निवासी नैनीताल) सहित अन्य यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया है।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर थाना पुलिस और टोल एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों की मदद की और उन्हें तत्काल उपचार के लिए भेजा। आज ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निरीक्षण का कार्यक्रम प्रस्तावित है ऐसे में हादसे ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।