8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CM भजनलाल, लोकसभा स्पीकर बिरला और केंद्रीय मंत्री गडकरी का 8 जुलाई को कोटा दौरा, बालापुरा टोल पर होगा भव्य स्वागत

Rajasthan News: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को कोटा दौरे पर रहेंगे। तीनों नेता दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करेंगे।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Jul 07, 2026

kota political visit

फोटो: पत्रिका

Union Minister Nitin Gadkari Kota Visit: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को कोटा प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान तीनों वरिष्ठ नेता दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे (सड़क परियोजना) के निर्माण एवं प्रगति कार्यों का स्थल निरीक्षण करेंगे तथा परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे।

लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम 5 बजे बालापुरा स्थित 8 लेन टोल नाके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा तीनों अतिथियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे दिल्ली-मुंबई 8 लेन सड़क परियोजना के निर्माण कार्य, गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे।

निरीक्षण के उपरांत जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सड़क परियोजना की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों, क्षेत्रीय विकास, यातायात सुविधाओं तथा आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। साथ ही परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं। इस दौरे को कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी व्यापक इंतजाम भी कर दिए हैं।

21.7KM लंबी फोरलेन सड़क परियोजना की होगी समीक्षा

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर निर्माण कार्य की प्रगति, सड़क सुरक्षा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को दिल्ली से कोटा तक सड़क मार्ग से यात्रा करेंगे। इस दौरान वे एक्सप्रेस-वे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा इंतजामों और लंबित कार्यों की समीक्षा करेंगे। कोटा पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी उनके साथ रहेंगे और दोनों नेता दरा टनल सहित परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्सों का जायजा लेंगे। अधिकारियों से कार्य की प्रगति और निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने को लेकर विस्तृत जानकारी भी ली जाएगी। इसके अलावा बालापुरा इंटरचेंज से कोटा शहर को जोड़ने वाली प्रस्तावित 21.7 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना की भी समीक्षा होगी। करीब 1,220 करोड़ रुपये की इस परियोजना के माध्यम से एक्सप्रेस-वे और कोटा शहर के बीच बेहतर एवं सुगम संपर्क स्थापित करने की योजना है।