कोटा

ग्राहकों के वास्ते दुल्हन से सजे बाजार

कोटा. ज्यों-ज्यों दीपोत्सव नजदीक आ रहा, बाजार चमकने लगे हैं। बाजारों में दुकानदारों, शोरूम संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान खास अंदाज में सजा दिए हैं।
2 min read
Oct 14, 2017
Rush in Market of Diwali Festival

कोटा .
ज्यों-ज्यों दीपोत्सव नजदीक आ रहा, बाजार चमकने लगे हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारों, शोरूम संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान खास अंदाज में सजाने शुरू कर दिए हैं। शहर के स्वर्ण रजत कला मार्केट सब्जीमंडी मार्केट को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है।


ग्राहकों को लुभाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर कोई विद्युत सजावट कर रहा है तो कोई सड़क पर खास डिजाइन के शामियाने लगाकर प्रतिष्ठान को डेकोरम जमाने में लगा हुआ है। बाजार विभिन्न ब्रांडेड कम्पनियों के उत्पादों से सज चुके हैं। शोरूम संचालकों ने भी ग्राहकों का उत्साह देखते हुए स्टाफ में बढ़ोतरी कर ली है। अब बाजार में खरीदारी का बूम शुरू होने को है जो दीपोत्सव तक रहेगा। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार दीपोत्सव पर शहर में एक हजार करोड़ से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है।

Read More: मां की मौत के बाद बच्ची ले गया नशेड़ी, सुरक्षित लौटी

वैराइटी का बूम
शहर के ज्वैलरी, कपड़ा, रेडिमेड गारमेंट्स, ऑटोमोबाइल्स आदि के शोरूम विभिन्न वैराइटी से सजने लगे हैं। भारी मात्रा में उत्पाद मंगाए हैं। कई दुकानदारों ने दुकानों के पास ही किराए से गोदाम तक लिए।

ऑटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रोनिक सामान की पूछ परख बढ़ी

वहीं दीपोत्सव के लिए कम्पनियों में व्हीकल की एडवांस बुकिंग करवा दी है। इलेक्ट्रोनिक आयटम्स की ओर भी इस बार ग्राहकों का खासा जोर देखा जा रहा। शोरूमों पर वाहन की पूछ परख करने के लिए शहर व ग्रामीण क्षेत्रों ने ग्राहकों की आमदरफ्त बनी हुई है।

बोनस लाएगा खुशियां

बाजारों में चहुं ओर उत्साह, उमंग का माहौल है। लेकिन दुकानदार खुद मान रहे कि सरकारी व गैरसरकारी कर्मचारियों दीपावली बोनस मिलने के बाद एकदम बूम आएगा। कर्मचारी वर्ग परिवार सहित बाजारों, शोरूमों में घूमकर उत्पादों की पड़ताल कर रहें, मार्केट रुख भी देख रहे।

पांच दिन खरीदारी का जोर

महासचिव कोटा व्यापार महासंघ अशोक माहेश्वरी का कहना है कि नोटबंदी, जीएसटी से व्यापारी वर्ग हतोत्साह है लेकिन खरीफ की फसलें ठीक हैं। ऐसे में शहर की अपेक्षा ग्रामीणों में खरीदारी का ज्यादा रुझान नजर आ रहा। पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान शहर में करीब 1200 करोड़ के कारोबार होने की उम्मीद है।

Published on:
14 Oct 2017 07:31 pm