कोटा

कोटा में कुत्तों का आतंक: कलेक्ट्रेट तक मचाया तांडव, नायब तहसीलदार समेत 30 लोग घायल

कोटा के नयापुरा इलाके में दो आवारा कुत्तों ने कलेक्ट्रेट परिसर तक उत्पात मचाया। नायब तहसीलदार समेत 30 से अधिक लोग डॉग बाइट का शिकार हुए। सभी घायलों को एमबीएस अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
2 min read
Jan 25, 2026
Dog Shelter in Rajasthan
Dog Shelter in Rajasthan

कोटा: शिक्षा नगरी कोटा में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार गंभीर होता जा रहा है। शहर के नयापुरा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो आवारा कुत्तों ने राह चलते लोगों पर अचानक हमला कर दिया।

बता दें कि देखते ही देखते इन कुत्तों ने एक के बाद एक करीब 30 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। हमलों में आम नागरिकों के साथ सरकारी कर्मचारी और अधिकारी भी चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के समय नयापुरा इलाके में लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे और बाजार भी खुलने की तैयारी में था। इसी दौरान दो कुत्ते अचानक आक्रामक हो गए और राहगीरों पर झपटने लगे। घायलों में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुत्ते कलेक्ट्रेट परिसर में भी घुस गए, जिसे आमतौर पर सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है।

कलेक्ट्रेट में ड्यूटी पर तैनात नायब तहसीलदार अनुराग शर्मा पर भी एक कुत्ते ने हमला कर दिया। बताया गया कि अचानक हुए हमले में उनके पैर में गहरा घाव हो गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में घटना के बाद कर्मचारियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए कामकाज भी प्रभावित हुआ।

डॉग बाइट की घटनाओं में एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची आयुषी और मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग सीताराम भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए इंजेक्शन रूम के बाहर लंबी कतारें लग गईं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कई लोगों के घाव काफी गहरे थे, जिनकी ड्रेसिंग कर उपचार किया गया।

एमबीएस अस्पताल की इंजेक्शन रूम प्रभारी पूनम आडवाणी ने बताया, डॉग बाइट के 30 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। सभी घायलों को आवश्यक टीके और दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही नयापुरा थाना पुलिस और कलेक्ट्रेट चौकी सक्रिय हो गई। नगर निगम की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया, जो संदिग्ध कुत्तों की तलाश और उन्हें पकड़ने की कार्रवाई में जुटी है।

Published on:
25 Jan 2026 02:00 pm