कोटा

तीन आईपीएस, पांच आरपीएस व दस टीमें कर रही आरोपियों की तलाश

दस टीमें बनाई फिर भी 24 घंटे बाद भी खाली हाथ, आदतन बदमाशों व संदिग्धों की धरपकड़ व पूछताछ का दौर जारी
2 min read
Feb 01, 2019
kota murder
तीन आईपीएस, पांच आरपीएस व दस टीमें कर रही आरोपियों की तलाश

कोटा. भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अज्ञात हत्यारों द्वारा मां-बेटी की नृशंस हत्या की गुत्थी सुलझाने में पूरा पुलिस महकमा जुट गया है। तीन आईपीएस, पांच आरपीएस अधिकारियों समेत पुलिस की दस टीमें आरोपियों को तलाश रही हैं, लेकिन घटना के 24 घंटे बीतने के बावजूद फिलहाल कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस हत्यारों का हुलिया तक नहीं बता सकी है। गुरुवार रात सर्राफा व्यवसायी राजेन्द्र विजयवर्गीय के घर में लूट के इरादे से घुसे अज्ञात बदमाशों ने पत्नी विनीता [45] और बेटी पलक [19] की नृशंस हत्या कर दी और जेवरात, नकदी लूट कर भाग गए। वारदात के समय दोनों घर पर अकेली थीं। मां-बेटी ने लुटेरों से जमकर संघर्ष किया। हत्यारों ने सिर पर वार करने के अलावा उनका गला भी रेत दिया था।

दस टीमें गठित

वारदात की गंभीरता को देखते हुए सिटी पुलिस ने 10 टीमें गठित की हैं। पुलिस की यें टीमें वारदात को खोलने के लिए आदतन अपराधियों व संदिग्धों की धरपकड़ व उनसे पूछताछ में जुटी है। साथ ही एफएलएल की टीम व डॉग स्क्वायड की टीमों की ओर से मामले में सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।


तीन आईपीएस रख रहे नजर

इस मामले में विजिलेंस आईजी बिपिन कुमार पाण्डेय, एसपी सिटी दीपक भार्गव व ट्रेनी आईपीएस अमृता दुहन मामले पर नजर रखे है। शहर के पांच आरपीएस अधिकारी भी मामले में पुलिस टीमों के साथ वारदात को खोलने के लिए अपने प्रयास कर रहे है। इसके अलावा तकनीकी आधार पर भी पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। पुलिस रेलवे स्टेशन व बस स्टैण्ड पर कड़ी नजर रखे हुए है। यहां से जाने वाले यात्रियों की तलाशी ली जा रही है। कोटा जंक्शन के अलावा डकनिया तालाब समेत आसपास के आधा दर्जन स्थानों पर पुलिस हर संदिग्ध को खंगाल रही है।

सीसीटीवी खंगाल रहे

पुलिस ने बताया कि पुलिस वारदात वाली गली के हर सीसीटीवी के अलावा आसपास के क्षेत्र के कैमरे भी खंगाल रही है। पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज ली है, लेकिन इसमें से किसी में हत्यारों के होने की पुष्टि नहीं हुई है।

सिर पर चोट से हुई मौत

पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत होने की बात सामने आई है। हमलावर ने उनके सिर पर ही वार किए थे।

पुलिस इस मामले में हर एंगल पर काम कर रही है। पुलिस की 10 टीमें गठित की गई है। साथ ही पुलिस के अधिकारी भी मामले पर पूरी नजर बनाए हुए है। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

दीपक भार्गव, एसपी सिट

Published on:
01 Feb 2019 11:11 pm