कोटा

Double Murder: हत्यारे के रिश्तेदार पुलिस में अफसर, इसलिए वारदात यहां और सुरक्षा वहां

कोटा. मां-बेटे की हत्या करने वाले आरोपित के नजदीकी रिश्तेदार पुलिस में आला अफसर हैं तो आरोपित के घर की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात हो गए।
2 min read
• •
Updated: 25 Jan 2018, 2:19 PM IST
Kota Police

कोटा.

भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में मां-बेटे की हत्या करने वाले आरोपित के नजदीकी रिश्तेदार पुलिस में आला अफसर हैं। इस कारण वारदात के तुरंत बाद आरोपित के मुरैना स्थित घर की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात हो गए। इधर, हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपित को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे 29 जनवरी तक रिमांड पर सौंपा है। आरोपित से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करना है। होटल में ठहरने की पुष्टि सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग व फुटेज से हो रही है।

चौपड़ा फार्म निवासी सोहनी पाराशर व उनके बेटे पीयूष की 21 जनवरी की शाम को घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महिला के पति नीरज पाराशर की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मुरैना निवासी आरोपित चंद्रकांत पाठक उर्फ दिलीप को मंगलवार को श्योपुर से गिरफ्तार किया, वहां से उसे कोटा लाए थे।

थानाधिकारी रामखिलाड़ी मीणा ने बताया कि पूछताछ में आरोपित का कहना है कि महिला दो माह तक उसके साथ विलासपुर में किराए के मकान में रही। उसने कुछ समय पहले ही मुरैना में अपनी दो दुकानें बेची थी। इसकी रकम करीब 20 लाख रुपए आई थी। विलासपुर से अपने पति के साथ आते समय महिला उसके 20 लाख रुपए, एक किलो चांदी व दस ग्राम सोने के जेवरात भी लेकर आ गई।

वह उन्हें लेने के लिए 20 को कोटा आया। यहां स्टेशन के होटल में ठहरा। अगले दिन शाम को महिला के घर गया। दरवाजा उसके बेटे ने खोला था। जब उसने बच्चे से कहा कि वह उसकी मां से कुछ बात करना चाहता है, वह बाहर चला जाए, लेकिन वह नहीं माना। उसे डराने के लिए जैसे ही पिस्टल निकाली तो वह चल गई। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद महिला ने उसका विरोध किया तो उसे भी मार दिया।

सच बोल रहा या कहानी...
सीआई ने बताया कि आरोपित काफी शातिर है। यदि महिला उसके रुपए व जेवर लेकर आई थी तो उसने संबंधित थाने में रिपोर्ट क्यों नहीं दी। वह सच बोल रहा है या कहानी बना रहा है, इसकी जानकारी की जा रही है। सीआई ने बताया कि जानकारी में आया कि आरोपित के खास रिश्तेदार शयोपुर में पुलिस अधिकारी हंै। यहां हुई वारदात के तुरंत बाद उसके घर किसी तरह की कोई घटना न हो, इसलिए तुरंत पुलिस तैनात की गई।

Published on: