कोटा

तीन दिन बाद लोहे के तारों में जकड़ा मिला नदी में बहे बालक का शव

बोरदी गांव की नदी में गत शुक्रवार को उफान के दौरान बहा 10 वर्षीय बालक अंकित मेघवाल का शव तीसरे दिन रविवार को मिल गया।
2 min read
Jul 02, 2018
Children's Death Body Found in River
तीन दिन बाद लोहे के तारों में जकड़ा मिला नदी में बहे बालक का शव

चेचट. बोरदी गांव की नदी में गत शुक्रवार को उफान के दौरान बहा 10 वर्षीय बालक अंकित मेघवाल का शव तीसरे दिन रविवार को मिल गया। शव घटना स्थल से ढाई किमी दूर एनीकट के पास से बरामद हुआ है। बालक को नदी में खोजने के लिए कोटा की रेस्क्यू टीम सुबह से ही जुटी हुई थी।

थानाधिकारी अमरनाथ योगी ने बताया कि बोरदी नदी का पानी उतरने के बाद एनीकट स्थित खेत पर एक किसान काम कर रहा था। उफान के दौरान पानी के तेज बहाव में खेत की तारबंदी भी बह गई थी। जिसे ढूंढने के लिए किसान एनीकट की तरफ गया तो वहां बालक का शव तारबंदी में उलझा हुआ नजर आया। सूचना पर रेस्क्यू टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और शव बरामद किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

सुबह पांच बजे से जुटी थी रेस्क्यू टीम

थानाधिकारी ने बताया कि बालक की तलाश के लिए कोटा की रेस्क्यू टीम सुबह पांच बजे से ही नदी पर जुटी हुई थी। टीम ने विशेष संसाधनों का उपयोग कर दस किमी दूर सांडयाखेड़ी व हाथौना तक बालक की तलाश की थी।

गौरतलब है कि बालक को ढूंढने का कार्य दूसरे दिन फिर शुरू किया। रेस्क्यू के लिए गोताखोर अलसुबह पांच बजे ही नदी में उतर गए। जिन्होंने घटना स्थल से पांच किमी तक पांच बार बालक को नदी में खंगाला, लेकिन बालक नहीं मिला। अंधेरा होने के बाद टीम ने तलाश बंद कर दी। सुबह फिर रेस्क्यू शुरू किया जाएगा। रेस्क्यू के दौरान नायब तहसीलदार दुष्यन्त कुमार दाधीच एवं थानाधिकारी मय जाप्ता के तैनात रहे।

Published on:
02 Jul 2018 12:09 am