कोटा

बोगस ग्राहक बनकर पकड़ में आया वसूली करने वाला फर्जी प्रशासनिक अधिकारी

खुद को बताता था प्रशासनिक अफसर
2 min read
• •
Updated: 6 Jul 2018, 8:03 PM IST
fraud
fraud

कोटा. गम्भीर मामलों में भी पुलिस किस तरह काम करती है, गुरुवार को कोटा विवि में उस समय देखने को मिला जब विवि टीम ने पुनर्मूल्यांकन में अंक बढ़वाने के नाम पर वसूली करने के मामले में एक युवक को पकड़ लिया। टीम उसे लेकर आरकेपुरम् थाने गई तो वहां की पुलिस ने मामला नयापुरा थाना क्षेत्र का बताकर भेज दिया। नयापुरा थाने जाने पर पुलिस का कहना था कि मामला उनके थाना क्षेत्र का नहीं है। विवाद में काफी देर तक उलझी पुलिस टीम को घुमाती रही। आखिरकार, नयापुरा पुलिस ने उच्चाधिकारी अधिकारियों से चर्चा की और रात को मामला दर्ज किया।


कई विद्यार्थियों ने कुछ दिन पहले विवि में शिकायत दी थी। इसमें एक युवक का फोटो दिखाते हुए बताया था कि यह नम्बर बढ़वाने के नाम पर राशि वसूल रहा है। इस पर विवि प्रशासन सक्रिय हुआ और कुलसचिव संदीप सिंह चौहान व परीक्षा नियंत्रक प्रवीण भार्गव ने एक टीम बनाई। टीम ने बोगस ग्राहक बनकर मोबाइल फोन पर उस युवक से बातचीत की। टीम लगातार 15 दिन से उससे बात कर रही थी। गुरुवार को बात की तो युवक ने उन्हें नयापुरा क्षेत्र में पहुंचने की बात कही। टीम वहां पहुंची और उसे पकड़ लिया। इसके बाद वे उसे कोटा विवि ले गए, पूछताछ की। उसने अपना नाम गंगापुर सिटी क्षेत्र के खेड़ली गांव निवासी विजय सिंह मीणा बताया। वह खुद को विवि का प्रशासनिक अफसर बताता था।


दस्तावेज-डायरी मिले
विवि टीम को विजय के पास से विद्यार्थियों के दस्तावेज व पुरानी डायरी मिली। इसमें कई विद्यार्थियों के नाम व वसूली की राशि लिखी है। टीम उसे लेकर आरकेपुरम् थाने पहुंची और पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन थाने के ड्यूटी ऑफिसर उप निरीक्षक प्रताप राव ने युवक को नयापुरा थाना क्षेत्र से पकड़ना बता मामला नयापुरा का होने की बात कही। उसे शाम को वहां ले जाने को कहा। विवि टीम उसे लेकर रात को नयापुरा थाने पहुंची। वहां भी काफी देर तक मामला चलता रहा। ड्यूटी ऑफिसर ने मामला आरकेपुरम् का बता रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। थाने के क्षेत्राधिकार में मामला रात तक उलझा रहा। देर रात उच्च अधिकरियों से चर्चा के बाद नयापुरा थाने में मामला दर्ज किया गया।


मैं अवकाश पर हू़ं। थाने से मामले की जानकारी दी गई थी। युवक को नयापुरा क्षेत्र से पकड़ना बताया गया है। इस कारण से मामला नयापुरा का होने पर युवक को वहां भेजा है।
-राजेन्द्र मीणा, सीआई आरकेपुरम


मैं शहर से बाहर हूं। थाने से मामले की जानकारी मिली थी। विवि आरकेपुरम् थाना क्षेत्र में होने से मामला वहीं दर्ज होना चाहिए था। लेकिन उच्चाधिकाारियों से चर्चा के बाद मामला दर्ज कर लिया है। अनुसंधान के बाद ही गिरफ्तारी की जाएगी।
-विजय शंकर शर्मा, सीआई नयापुरा

Published on: