कोटा

कोटा में 6 मंजिला कोचिंग हॉस्टल में लगी भीषण आग, जान बचाने को छतों से कूदे बच्चे, कई स्टूडेंट्स चोटिल

Fire Incident, Fire in coaching hostel: कोटा में शनिवार सुबह एक 6 मंजिला कोचिंग हॉस्टल में भीषण आग लग गई। बच्चों ने कूद कर जान बचाई।
2 min read
• •
Updated: 5 Oct 2019, 1:38 PM IST
Fire in coaching hostel
कोटा में 6 मंजिला कोचिंग हॉस्टल में लगी भीषण आग, जान बचाने को छतों से कूदे बच्चे, कई स्टूडेंट्स चोटिल

कोटा. बोरखेड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 6 मंजिला कोचिंग हॉस्टल में भीषण आग लग गई। घटना के समय में हॉस्टल में करीब 90 बच्चे रह रहे थे। आग की लपटे तेजी से कमरों की ओर बढऩे लगी। पूरे हॉस्टल में धुआं ही धुंआ हो गया। अचानक हुए हादसे से बच्चे घबरा गए और जान बचाने के लिए छतों से नीचे कूद गए। इससे कई विद्यार्थी चोटिल हो गए। चीख-पुकार मचने से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन केंद्र से दमकलें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर कमरों में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के नयानोहरा में महाकाल रेजीडेंसी नाम से 6 मंजिला कोचिंग होस्टल है। हॉस्टल में 90 से ज्यादा विद्यार्थी रहते हैं। सुबह 6.45 बजे लिफ्ट में स्पार्किंग होने से आग लग गई, जो तेजी से रिसेप्शन की ओर बढऩे लगी। वहां लगा सोफा आग की चपेट में आने से लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही पलों में हॉस्टल में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुई घटना से विद्यार्थी घबरा गए और जान बचाने के लिए हॉस्टल से कूद गए। इससे कई बच्चे चोटिल हो गए।

हॉस्टल के पास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद अपने स्तर पर ही कमरों में फंसे बच्चों को रस्से की सहायता से बाहर निकाला। आधे घंटे बाद पहुंची तीन दमकलों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने हॉस्टल मालिक लोकेश व रविंद्र सिंह को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Published on: