
कोटा. शहर में सोमवार देर रात रानपुर स्थित तेल फैक्ट्री में कार्टून व बारदानें के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पांच दमकलों ने तीन घंटे के प्रयास से आग पर काबू पाया। इस दौरान एक फायरमैन दलकल के ऊपर से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसे तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार सुबह नई धानमंडी गेट के सामने मोटरमार्केट में मिस्त्रियों की बोडियों, शम्भूपुरा गांव में पराल में आग लग गई थी। मंगलवार देर रात कसार स्थित एक गेहूं की खड़ी फसल में आग की सूचना पर दो दमकलें रवाना की गई।
सहायक अग्निशमन अधिकारी दैवेन्द्र गौतम ने बताया कि सोमवार देर रात 1.30 बजे रानपुर स्थित तेल फैक्ट्री में आग की सूचना पर पांच दमकले रवाना की गई, जिन्होंने तीन घंटे की शक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान धुंआ ज्यादा होने से फायरमैन वीरबहादुर सिंह दमकल के ऊपर से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसे तुरंत नए अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह मंगलवार सुबह पौने सात बजे नई धानमंडी गेट के सामने मोटर मार्केट पेट्रोल पम्प के पास मिस्त्रियों की बोडियों में आग लग गई। उन्होंने बताया कि अगर यहां समय पर दमकल नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता है। बोडियों के अंदर बैल्डिंग करने वाले गैस सिलेण्डर व घरेलू गैस सिलेण्डर रखे हुए थे। शाम 5 बजे शम्भूपुरा गांव में एक खेल में पराल में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दो दमकलों ने आग पर काबू पाया। गौतम ने बताया कि मंगलवार रात्रि 8.30 बजे कसार गांव में एक खेत में गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। सूचना पर दो दमकलें भेजी गई है।