कोटा

BIG News : चलती मेटाडोर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, चंद मिनटों में खाक हुआ वाहन

क्षेत्र में बुधवार देर रात मंडावरा-झोटोली गांव के बीच हाइवे पर चलती मेटाडोर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और कुछ ही पलों में मेटाडोर जलकर खाक हो गई।
2 min read
Mar 21, 2019
fire
gas

सुल्तानपुर. (कोटा). क्षेत्र में बुधवार देर रात मंडावरा-झोटोली गांव के बीच चलती मेटाडोर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और कुछ ही पलों में मेटाडोर जलकर खाक हो गई। चालक ने वाहन से कूदकर जान बचाई।

जानकारी के अनुसार कस्बे के सरस्वती कॉलोनी निवासी निवासी गोपाल स्वामी देर रात मेटाडोर लेकर मंडावरा से झोटोली होते हुए सुल्तानपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक मेटाडोर में भीषण आग लग गई। चालक ने सूझ-बूझ दिखाते हुए चलते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पल में मेटाडोर जलकर खाक हो गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पानी और मिट्टी की सहायता से आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से मेटाडोर को सड़क से हटवाया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग
ग्रामीणों के अनुसार मेटाडोर में आग शॉर्ट सर्किट से लगना बताया जा रहा है। चालक गोपाल ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। बुधवार देर रात मंडावरा में माल खाली कर सुल्तानपुर स्थित घर लौट रहा था। तभी झोटोली रोड पर अचानक वाहन में धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खतरे को भांप कर वह चलती गाड़ी से कूदकर जान बचाई।

ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल से रिहायशी इलाके काफी दूर होने से पानी की व्यवस्था करने में काफी परेशानी आई। ऐसे में मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग बूझ नहीं पाई। ग्रामीणों ने अपने वाहनों से गांवों में जाकर पानी भरकर लाए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

Published on:
21 Mar 2019 04:29 pm