कोटा

Rajasthan Panchayat Election: 10 साल से एक ही परिवार में प्रधान पद की कमान, अब पौत्रवधू बनी डग प्रधान

कांग्रेस प्रत्याशी रामकुंवर को मिले 17 मत, भाजपा की निर्मला कुंवर को 6 मत, ससुर भेरूसिंह परिहार सुसनेर से विधायक
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:25 PM IST
rajasthan panchayat election

डग। पंचायत समिति डग में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस की रामकुंवर बाई 17 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी निर्मला कुंवर को 11 मतों से हराया। निर्मला कुंवर को 6 मत मिले। खास बात यह रही कि प्रधान पद की कमान पिछले करीब 10 वर्षों से एक ही परिवार के पास बनी हुई है। अब परिवार की तीसरी पीढ़ी की बहू रामकुंवर बाई प्रधान बनी हैं।

पंचायत समिति चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी ओमप्रकाश चंदोलिया ने बताया कि प्रधान पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। नाम वापसी के बाद कांग्रेस की रामकुंवर बाई और भाजपा की निर्मला कुंवर के बीच मुकाबला हुआ। पंचायत समिति के सभी 23 निर्वाचित सदस्यों ने मतदान किया। मतगणना में रामकुंवर बाई को 17 और निर्मला कुंवर को 6 मत मिले। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने रामकुंवर बाई को प्रधान पद पर निर्वाचित घोषित कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शांतिपूर्ण हुआ मतदान

प्रधान पद के चुनाव को लेकर पंचायत समिति परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। गंगधार पुलिस उपाधीक्षक आशीष भार्गव की अगुवाई में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात रहा। मुख्य द्वार पर भी पुलिस बल लगाया गया। चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। कांग्रेस के सभी 17 सदस्यों ने सबसे पहले मतदान किया। इसके बाद एक निर्दलीय और भाजपा के पांच सदस्यों ने मतदान किया। सभी 23 सदस्यों के मतदान के बाद कांग्रेस समर्थकों में उत्साह दिखाई देने लगा। परिणाम घोषित होते ही नवनिर्वाचित प्रधान के बाहर आने पर समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। इस दौरान पूर्व विधायक मदनलाल वर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भगवान सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य शीतल जैन, अजय नागर, सुभाष वेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

दादी सास भी रह चुकी हैं प्रधान, अब पौत्रवधू

डग पंचायत समिति में प्रधान पद की जिम्मेदारी एक बार फिर एक ही परिवार के पास पहुंच गई है। पिछले करीब 10 वर्षों से इस परिवार का प्रधान पद पर दबदबा बना हुआ है। नवनिर्वाचित प्रधान रामकुंवर बाई की दादी सास कमलाबाई वर्ष 2020 से अब तक प्रधान रह चुकी हैं। अब उनकी पौत्रवधू रामकुंवर बाई ने प्रधान पद की जिम्मेदारी संभाली है। परिवार में तीसरी पीढ़ी की बहू के प्रधान बनने की स्थानीय राजनीति में चर्चा है। रामकुंवर बाई के ससुर भेरूसिंह परिहार मध्यप्रदेश की सुसनेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले इस परिवार का डग पंचायत समिति में पिछले एक दशक से प्रधान पद पर प्रभाव बना हुआ है।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:25 PM IST
Published on: