कोटा

BIG NEWS: कोटा में कोचिंग छात्रों के दो गुटों में गैंगवार, जमकर चले चाकू, तीन स्टूडेंट्स गंभीर घायल

जवाहर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात कोचिंग छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। एक गुट के छात्रों ने दूसरे गुट के छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2018, 12:10 AM IST
Deadly attack

कोटा. जवाहर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात कोचिंग छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। एक गुट के छात्रों ने दूसरे गुट के छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें तीन छात्र घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एएसआई रेहाना बानो ने बताया कि इलाहाबाद निवासी अजफार अली ने रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया कि वह राजीव गांधी नगर स्थित सेलीब्रेशन पार्क में अपने मित्र प्रतापगढ़ निवासी प्रवीण चौहान (16) और मेनपुरी निवासी शिवम् (18) के साथ फुटबाल खेल रहा था। इसी दौरान अन्य कोचिंग छात्र ऋ षभ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर उसने फोन कर अन्य छात्रों को मौके पर बुला लिया। जिससे उनके बीच झगड़ा बढ़ गया। ऋ षभ व उसके साथियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उन तीनों के कंधे, हाथ व सीने में चाकू लगे।

इसके बाद हमला करने वाले छात्र मौके से भाग गए। उन तीनों घायलों को तलवंडी स्थित निजी अस्पताल लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। एएसआई रेहाना ने बताया कि अजफार अली (16) की रिपोर्ट पर ऋ षभ व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं गैंगवार

कोचिंग छात्रों में झगड़े व चाकूबाजी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार छात्रों में गैंगवार हो चुकी है। महावीर नगर थाना क्षेत्र में तो गैंगवार के चलते करीब तीन साल पहले एक कोचिंग छात्र की हत्या तक हो चुकी।

जवाहर नगर व महावीर नगर थाना क्षेत्रों में बिहार व उत्तर प्रदेश के कई छात्रों ने अपनी-अपनी गैंग बना रखी है। ये आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं। बिहार के छात्रों का तो बीटी ग्रुप चलता है। जिसके छात्र आए दिन झगड़ा, मारपीट और मकान खाली कराने व लोगों को धमकाने तक में शामिल रहे हैं।

बीटी ग्रुप से जुड़े छात्रों ने ही तीन साल पहले बिहार निवासी एक छात्र पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार व नाबालिगों को निरुद्ध किया था। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में भी कई बार नाबालिग छात्रों के बीच चाकूबाजी हो चुकी है। गत दिनों हुई चाकूबाजी में दो छात्र घायल हुए थे। जिनमें तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया था।

Published on: