कोटा

कोटा न्यूज: पानी से भरे खाली प्लॉट में मिली लड़की की लाश, आधे बदन पर नहीं थे कपड़े; मर्डर की आशंका

कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में खाली भूखंड के पानी में 5-7 दिन पुराना अर्धनग्न लड़की का शव मिला। हाथ पर ‘MD’ और स्टार का टैटू है। पुलिस हत्या की आशंका मानकर CCTV फुटेज खंगाल रही है।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
kota girl body found in water
खाली प्लॉट में मिली लड़की की लाश, पुलिस जांच में जुटी (फोटो-एआई)

Kota Crime News: कोटा जिले में अनंतपुरा थाना क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में एक खाली भूखंड में भरे पानी के अंदर लड़की का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव अर्धनग्न हालत में था और करीब 5 से 7 दिन पुराना बताया जा रहा है। लंबे समय से पानी में पड़े रहने के कारण शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। सूचना मिलने पर अनंतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया।

फिलहाल, लड़की की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लड़की की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

शव के पास पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले

सीआई महेश कारवाल ने बताया कि क्रेशर बस्ती स्थित एक खाली भूखंड में पानी भरा हुआ है। मंगलवार को यहां लड़की का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। लड़की के पास ऐसा कोई दस्तावेज या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।

पुलिस के अनुसार, लड़की के एक हाथ पर टैटू बना हुआ है। टैटू में ‘MD’ लिखा है और उसके साथ स्टार के निशान भी बने हुए हैं। पुलिस इसी टैटू सहित अन्य शारीरिक पहचान के आधार पर लड़की की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

लड़की की पहचान और घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस ने क्रेशर बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिछले कुछ दिनों में इस क्षेत्र में कौन-कौन आया था और युवती यहां तक कैसे पहुंची।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी भी जुटा रही है। लड़की की पहचान होने के बाद पुलिस घटना से जुड़े लोगों और परिस्थितियों के बारे में आगे जांच करेगी।

Updated on:
30 Sept 2026 09:56 pm
Published on:
30 Sept 2026 09:56 pm