नयापुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है
कोटा. वह ससुराल से पीहर जाने के लिए निकली थी, लेकिन गलत बस में बैठने के कारण कोटा पहुंच गई। कोटा में बस स्टैण्ड पर उतर कर जा रही थी तो बस ने उसे कुचल दिया और उसकी मौत हो गई। मानो मौत उसे खींचकर कोटा लाई थी। रविवार को नयापुरा में बस की चपेट में आने से मौत का शिकार हुई महिला की सोमवार को शिनाख्त हो गई। मृतका की पहचान सीमा मीणा निवासी लालसोट के रूप में हुई। मृतका के परिजन सोमवार को कोटा पहुंचे और शव की शिनाख्त की। इसके बाद पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस को मृतका के परिजनों ने बताया कि मृतका की दो साल पहले जयपुर के सूरजपोल इलाके में शादी हुई थी। सीमा के पास 300 रुपए भी मिले थे। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है। मृतका के चाचा के लड़के जगदीश मीणा ने कहा कि सीमा की दो साल पहले जयपुर में शादी हुई थी। 6 माह बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज मांगना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले सीमा गांव आ गई थी। समझाकर वापस भेज दिया था। उन्होंने बताया कि सीमा का शनिवार को सुसराल में विवाद होने पर फोन पर गांव आने की बात कही थी। जगदीश मीणा ने सवाल उठाया कि कोटा कैसे पहुंची, इसकी जांच होनी चाहिए। वह काफी परेशान और तनाव में थी। गांव नहीं पहुंचने पर पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना दी। बाद में कोटा पहुंचने का पता चला। उसने दोस्त को पता करने को कहा, बाद में पता चला कि बस की चपेट में आने से मौत हो गई। नयापुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस को रविवार को ही जब्त कर लिया था।