
'छोटीकाशी' में बिखरे उत्सवी रंग, धूमधाम से निकली विरासत यात्रा
बूंदी. 'छोटीकाशी' के नाम से विख्यात बूंदी की 777वीं सालगिरह रविवार को उल्लास के साथ मनाई गई। सुबह शहनाइयों की मधुर ध्वनि के बीच गढ़ गणेश की पूजा -अर्चना की गई। शहर की सड़कों पर विरासत यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए। गढ़ गणेश की पूजा-अर्चना के बाद जिला कलक्टर ने विरासत यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा ईश्वरी सिंह खेल संकुल पहुंची। मार्ग में विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। माहेश्वरी पंचायत संस्थान ने चौमुखा बाजार में विरासत यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा की और शीतल पेय के पैकेट बांटे।
हायर सैकेण्डरी स्कूल परिसर स्थित आर्ट गैलेरी में चित्रकला प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर ऐतिहासिक धरोहरों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कलाकारों की सराहना की। चित्रकला प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में लोकेन्द्र सिंह प्रथम, अरनव जैन द्वितीय, अपूर्व राज शृंगी तृतीय रहा। सीनियर वर्ग में मृदुल माथुर प्रथम, अंशु शृंगी द्वितीय, महिमा राणावत तृतीय स्थान पर रही।
Read More:बदलता मिजाज मौसम का
भड़काऊ मैसेज डालने पर एडमिन गिरफ्तार
बूंदी. सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने पर पुलिस ने रविवार को गु्रुप एडमिन को गिरफ्तार कर लिया। थानाप्रभारी रमेश तिवाड़ी ने बताया कि रंगीला राजस्थान के नाम से सोशल मीडिया पर ग्रुप बना रखा है। जिसमें आए दिन भड़काऊ मैसेज किए जा रहे हैं। शिकायत पर ग्रुप एडमिन को गिरफ्तार कर लिया गया।
Read More:कोटा की सरजमीं पर आया शक्तिमान
एसडीएम का फर्जी अकाउंट बना मांग रहा रुपए
पिड़ावा. एसडीएम का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से रुपए मांगने व अभद्र कमेंट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि एसडीएम राकेश मीणा की रिपोर्ट पर अज्ञात के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
Read More:आईबी ऑफिसर हत्याकांड में शुरू से अंत तक शामिल नाबालिग
दो माह पूर्व लापता हुई युवती दस्तयाब
कवाई. दो माह पूर्व बारां में परीक्षा देने जाने के दौरान लापता हुई कस्बा निवासी युवती को पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर से दस्तयाब कर लिया। युवती के लापता हो जाने के संबंध में उसके पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। स्पेशल पुलिस टीम ने बिहार के समस्तीपुर जाकर स्थानीय पुलिस की सहायता से युवती को तकनीकी जानकारी के आधार पर ढूंढ निकाला। इसके बाद रविवार को पुलिस युवती को लेकर वहां से रवाना हो गई।
कुएं से महिला का शव बरामद
हरनावदाशाहजी. दीगोद जागीर व नारेडा के बीच एक खेत पर स्थित कुएं में से रविवार को पुुलिस ने एक महिला का क्षत विक्षत अवस्था में शव बरामद किया है। शव चार-पांच दिन पुराना बताया जाता है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारपाई व रस्सियों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया, लेकिन शिनाख्त नहीं हुई।
Read More:ज्योतिषीय के अनुसार मौसम मे होने वाला है, ये बड़ा परिवर्तन-
युवक से दो कारतूस बरामद, गिरफ्तार
हिण्डोली. अशोकनगर एनएच 52 के पास एक युवक के पास से 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि जनता कॉलोनी बूंदी जयसिंह मीणा पैदल आ रहा था। संदिग्ध दिखने पर पूछताछ की और तलाशी ली तो उसके पास से दो जिंदा कारतूस मिले।