कोटा

कोटा मंडी में किसान की मौत, गेंहू नीलामी के दौरान अचेत होकर गिरा, कम भाव और ओलावृष्टि से खराब फसल के कारण था परेशान

Heart Attack Death Case: मृतक के भांजे प्रवीण ने बताया कि हाल ही हुई ओलावृष्टि से गेहूं की फसल खराब हो गई थी और मंडी में फसल का भाव भी कम मिल रहा था। इससे मामा हंसराज मानसिक तनाव में थे।
less than 1 minute read
Apr 09, 2026
Farmer Death In Kota Mandi
मृतक किसान की फाइल फोटो: पत्रिका

Farmer Dies In Kota Mandi: भामाशाह कृषि उपज मंडी में बुधवार को गेहूं बेचने आए एक किसान की अचानक मौत हो गई। किसान हंसराज वैष्णव (54) देवलीमांझी क्षेत्र के झाड़आमली गांव निवासी था, जो मंडी यार्ड में नीलामी के दौरान अचेत होकर गिर पड़ा।

जानकारी के अनुसार, हंसराज बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे मंडी में नीलामी के दौरान खड़ा था। तभी अचानक तबीयत बिगड़ी और वह यार्ड में रखी गेहूं की बोरियों पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, प्रारंभिक रूप से हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है।

ये बोले परिजन

मृतक के भांजे प्रवीण ने बताया कि हाल ही हुई ओलावृष्टि से गेहूं की फसल खराब हो गई थी और मंडी में फसल का भाव भी कम मिल रहा था। इससे मामा हंसराज मानसिक तनाव में थे। उन्होंने इस बार करीब 10-12 बीघा जमीन लीज पर लेकर गेहूं की खेती की थी, जबकि खुद की केवल 2-4 बीघा जमीन है।

उसने बताया कि पिछले साल भी सोयाबीन की फसल खराब होने से मामा हंसराज पर करीब 8 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। तीन महीने पहले उन्होंने 50 हजार रुपए उधार लिए थे। मामा को पहले कोई बीमारी भी नहीं थी।

बेटे अजय के अनुसार, वे सुबह चाय पीकर मंडी के लिए निकले थे और दोपहर करीब 12 बजे उनके निधन की सूचना मिली।

अनंतपुरा थाना के एएसआइ घमंडी लाल ने बताया कि किसान की तबीयत खराब होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

Updated on:
09 Apr 2026 11:41 am
Published on:
09 Apr 2026 11:40 am