
रावतभाटा. कछोलिया निवासी एक मजदूर को चुलिया फाल में मछली पकडऩा भारी पड़ गया। राणा प्रताप सागर बांध के गेट खुलने से पानी का तेज बहाव हो गया, जिससे वह चट्टनों के बीच फंस गया। पुलिस प्रशाासन ने मंगलवार सुबह 25 मिनट तक बांध के गेट बंद कराकर उसे बाहर निकाला।
एएसआई गोवर्धनलाल ने बताया कि कछोलिया निवासी कालू (40) पुत्र काना भील सोमवार शाम को शराब के नशे में चुलिया फाल पर मछलियां पकडऩे गया था। नशे में होने से चट्टान पर रातभर बैठा रहा। इधर, सोमवार रात को बांध के गेट खुल गए। नशे में होने के कारण उसे गेट खुलने का सायरन भी सुनाई नहीं दिया। जब उसका नशा उतरा तो आसपास पानी था। ऐसे में पूरी रात चट्टानों के बीच में बैठा रहा। उधर, चुलिया फाल पर पानी की चादर चलने से मंगलवार सुबह सात बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने मजदूर को चट्टानों के बीच फंसा देखा तो पुलिस प्रशासन को सूचना दी। एएसआई गोवर्धनलाल मौके पर पहुंचे।
सिविल डिफेंस के स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। फिर सिंचाई विभाग से सुबह 10.30 बजे बांध के दोनों गेटों को बंद कराया। जिससे पानी का बहाव कम हुआ। इसके बाद केन्द्रीय औद्येगिक सुरक्षा बल की कॉलोनी के पास से गोताखोरों ने पानी में उतरकर मजदूर को रस्सी के सहारे बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस उसे थाने लेकर गई। यहां पर उसे धारा 151 में पाबंद किया।
Read More: म्यूजिक सिस्टम ऑन करते समय दो भाइयों को लगा करंट, एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक, परिवार में मचा कोहराम
मौके पर लगी लोगों की भीड़
चट्टानों के बीच मजदूर के फंसे होने की बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। मौके पर ही लोगों की भीड़ लग गई। लोग मजदूर को निकालने तक खड़ेे रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार नारायण गिरी गोस्वामी भी मौके पर पहुंचे।