कोटा

IIT-NIT JoSAA Counseling 2024 : 16053 एआईआर पर आईआईटी, 13,68,129 पर एनआईटी आवंटित

जिन्हें प्रथम बार कॉलेज सीट का आवंटन हुआ है, उन्हें 15 जुलाई तक आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सीट असेप्टेंस फीस जमा कर ऑनलाइन रिपोर्टिंग करनी होगी।

2 min read
Jul 10, 2024

देश की आईआईटी, एनआईटी समेत 121 संस्थानों की 59917 सीटों के लिए जोसा काउंसलिंग के चौथे राउण्ड का सीट आवंटन जारी कर दिया गया। जिन्हें प्रथम बार कॉलेज सीट का आवंटन हुआ है, उन्हें 15 जुलाई तक आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सीट असेप्टेंस फीस जमा कर ऑनलाइन रिपोर्टिंग करनी होगी।

कॅरिअर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि जोसा काउंसलिंग के चौथे राउण्ड के सीट आवंटन में जेण्डर न्यूट्रल पूल कोटे से 13 लाख 68 हजार 129 रैंक वाले छात्र को ओपन कैटेगरी में एनआईटी सिक्किम में होम स्टेट कोटे से सिविल ब्रांच मिली है। साथ ही, जेण्डर न्यूट्रल पूल कोटे से आईआईटी की क्लोजिंग रैंक 16 हजार 53 रही, जो कि आईआईटी धारवाड़ की पांच वर्षीय इंट्राडीसिप्लनरी साइंस की है।

वहीं, दूसरी ओर फीमेल पूल कोटे से सुपर न्यूमरेरी सीटें मिलाकर 10 लाख 94 हजार 961 रैंक वाली लड़की को ओपन कैटेगरी में एनआईटी सिक्किम में होम स्टेट कोटे से सिविल ब्रांच मिली है। फीमेल पूल कोटे से आईआईटी की क्लोजिंग रैंक 24 हजार 443 रही, जो कि आईआईटी धारवाड़ की पांच वर्षीय इंट्राडीसिप्लनरी साइंस की है।

आईआईटी सीट विड्रॉअल करने का मौका 15 जुलाई तक

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि चौथे राउंड की रिपोर्टिंग के लिए दिए गए समय 15 जुलाई शाम 5 बजे तक स्टूडेंट जोसा वेबसाइट पर दिए गए विड्राॅअल विकल्प के कारण बताकर अपनी आवंटित आईआईटी की सीट छोड़ सकते हैं। आईआईटी सीट विड्राॅअल के लिए यह अंतिम अवसर होगा। जोसा की ओर से 5 हजार रुपए प्रोसेसिंग काउंसलिंग फीस काटकर शेष राशि लौटा दी जाएगी। आईआईटी के लिए जोसा काउंसलिंग का पांचवां राउण्ड अंतिम राउण्ड है।

ऐसे में वे विद्यार्थी जो अगले वर्ष भी जेईई-एडवांस्ड-2025 देने के इच्छुक हैं और अपनी आवंटित आईआईटी की सीट से संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें 15 जुलाई शाम 5 बजे तक अपनी आवंटित आईआईटी की सीट को विड्राॅ करवाना जरूरी है, अन्यथा वे अगले वर्ष जेईई-एडवांस्ड परीक्षा नहीं दे पाएंगे, जबकि एनआईटी के लिए जोसा काउंसलिंग के पांचवें राउण्ड के उपरान्त भी खाली रही सीटों के लिए दो राउण्ड में सीएसएबी की ओर से स्पेशल राउण्ड काउंसलिंग करवाई जाएगी।

Published on:
10 Jul 2024 10:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर