
बूंदी. एक ओर तो राज्य सरकार पर्यावरण को बढ़ावा देने को लेकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम पर जोर दे रही है।वहीं, वन विभाग की अनदेखी के चलते पहाड़ों में अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग रहा है। इसी का नतीजा है कि पहाड़ जमींदोज हो रहे हैं। कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में वन विभाग की जमीन पर अवैध खनन किया जा रहा है, जिसको लेकर जिम्मेदार भी मौन है। जहां से सैकड़ों राहगीर गुजरते हैं,उसके समीप ही पहाड़ियों से अवैध खनन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वन नाका जजावर के अंतर्गत कस्बे के पास स्थित झैठाल माताजी के सामने वाली एवं पश्चिम दिशा की पहाड़ियों पर अवैध खनन कर्ताओं द्वारा खनन कर पहाड़ियों को छलनी कर खनन संपदा निकाली जा रही है, जिससे आसपास की पहाड़ियों का स्वरूप ही बदल गया हैं। इधर, रेंजर कविता जाट ने बताया माताजी मंदिर के पास अवैध खनन होने की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो कार्रवाई की जाएगी।