
कोटा. इस माह और आगामी माह में कोहरे का प्रकोप बढऩे की आशंका को देखते हुए कोटा-पटना-कोटा एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं सप्ताह के एक दिन इस ट्रेन को रद्द रखा जाएगा। कोहरे के दौरान यह ट्रेन मथुरा नहीं जाकर भरतपुर से डायवर्ट हो जाएगी।
गाड़ी संख्या 13239 पटना-कोटा एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलती है। यह ट्रेन आगामी 20 दिसम्बर से 31 जनवरी 2020 तक प्रत्येक शुक्रवार को निरस्त रहेगी। यह ट्रेन रास्ते में 23 स्टेशनों पर ठहरती है। इसी तरह गाड़ी संख्या 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलती है।
यह ट्रेन 21 दिसम्बर से 25 जनवरी 2020 तक प्रत्येक शनिवार को निरस्त रहेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 13239 और गाड़ी संख्या 13237 पटना-कोटा एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 13238 और गाड़ी संख्या 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस 16 दिसम्बर से 31 जनवरी 2020 तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन मथुरा-टुंडला-कानपुर के स्थान के बजाय भरतपुर-अचनेरा-मथुरा-कासगंज-फर्रूखाबाद-कानपुर होकर चलेगी।