कोटा

किसी मजदूर को काम पर रखने से पहले जान ले इस अंतरराज्यीय चोरों की गैंग के बारे में

यह दिहाड़ी मजदूरी पेशा लोग हैं, जो बस से मजदूरी के लिए झालावाड़, कोटा व अन्य कस्बों में जाते हैं। वहां मौका मिलते ही कर देते हैं चोरियां।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2017, 7:15 PM IST
Bike Thief Gang

झालरापाटन.

पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर इनके पास से चुराई 27 बाइक बरामद की। सभी आरोपित 25 वर्ष से कम उम्र के हैं। ये सभी स्मैक पीने व अन्य नशा करने के आदी हैं। इसीलिए चुराई बाइक को 3 से 5 हजार रुपए में बेच देते थे। आरोपित अकलेरा, घाटोली व भालता थानाक्षेत्र में दिहाड़ी मजदूरी पेशा लोग हैं, जो बस से मजदूरी के लिए झालावाड़, कोटा व अन्य कस्बों में जाते हैं। वहां मौका पाकर वाहन चोरी कर औने-पौने दामों में बेच देते।

एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि बाइक चोरी की वारदातें बढऩे के बाद विशेष टीमें गठित की गईं। टीम को अंतरराज्यीय गिरोह के झालावाड़, कोटा, बारां, चित्तौडगढ़़ जिले सहित मध्यप्रदेश के आसपास के जिलों से बाइक चुराए जाने की सूचना मिलीं। कोतवाली थानाधिकारी, सदर थानाधिकारी की अगुवाई में घाटोली में कैंप रखकर स्थानीय पुलिस जाब्ते के साथ गिरोह के लोगों को नामजद करने में सफलता हासिल की।

बाइक चुराने के मामले में उगेणा निवासी सुगनचंद मीणा व प्रकाश मीणा, महुआ खोह निवासी बद्री तंवर, मदनपुरिया निवासी बीरम तंवर व चुराई हुई बाइक खरीदने के आरोपित मदनपुरिया निवासी रामचंद्र तंवर, पीपलखोह निवासी मोहन तंवर व लसूडिय़ा गेंद निवासी रामचंद्र तंवर को गिरफ्तार किया है। गिरोह के कुछ लोग फरार हैं।

बरामद बाइक

चोरी की बाइक में 6 झालावाड़, 1 खानपुर, मनोहरथाना से 8, कोटा शहर के दादाबाड़ी, महावीर नगर, विज्ञान नगर, जवाहर नगर, रामपुरा कोतवाली, गुमानपुरा इलाके से 7, बारां जिले के कवाई, छबड़ा, छीपाबड़ौद, बारां शहर व अन्य बाइक मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिलों से चुराना कबूल किया है।

Published on: