
कोटा. एनटीए की ओर से देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन अप्रेल 5, 7 से 9 एवं 11 अप्रेल को देश के 224 शहरों एवं विदेशों के 9 शहरों में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 7 मार्च तक है। परीक्षा के प्रवेश पत्र 20 मार्च को जारी किए जाएंगे। साथ ही, जेईई मेन अप्रेल परिणाम के साथ ऑल इंडिया रैंक एवं एडवांस्ड देने की पात्रता भी 30 अप्रेल को घोषित की जाएगी।
यह रहेगा परीक्षा का समय
परीक्षा दो पारियों में सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 एवं दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक।
राजस्थान में यह रहेंगे परीक्षा केन्द्र
राजस्थान में इस परीक्षा के लिए अजमेर, अलवर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, कोटा, सीकर, श्रीगंगानगर, उदयपुर शहर में केन्द्र बनाए गए हैं।
ईडब्ल्यूएस श्रेणी को 10 प्रतिशत आरक्षण
इन्फ ॉर्मेशन बुलेटिन के अनुसार, जनरल ईडब्ल्यूएस श्रेणी के विद्यार्थियों को केन्द्र सरकारी संस्थानों में 10 प्रतिशत का आरक्षण सुनिश्चित कर दिया गया है। जबकि गत वर्ष आईआईटी, एनआईटी में यह आरक्षण 4 प्रतिशत ही दिया गया था। इस प्रकार ईडब्ल्यूएस श्रेणी के विद्यार्थियों को अब अपनी कैटेगिरी का लाभ और अधिक मिलेगा। सामान्यतया काउंसलिंग के दौरान सभी विद्यार्थियों को सर्वप्रथम ओपन कैटेगिरी से सीट आवंटन होता है। इस स्थिति में सीट नहीं मिलने पर उनकी कैटेगिरी अनुसार रैंक पर सीट आवंटन की जाती है।
त्रुटि सुधार का मिलेगा मौका
कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने जनवरी में जेईई मेन परीक्षा दी है, उन्हें पुन: अप्रेल में आवेदन करने के लिए जेईई मेन जनवरी का एप्लीकेशन नंबर एवं ऑनलाइन आवेदन के दौरान बनाए गए पासवर्ड डालकर लॉगइन करना होगा। इसके बाद विद्यार्थी को परीक्षा माध्यम, परीक्षा केन्द्र, 12वीं बोर्ड संबंधित जानकारी भरनी होगी। वहीं 12वीं बोर्ड से संबंधित दस्तावेज स्कैन करके अपलोड भी करने होंगे। ऐसा जेईई मेन में पहली बार होगा, जब 12वीं बोर्ड से संबंधित दस्तावेज को मांगा गया है। इसके उपरांत विद्यार्थी आवश्यक परीक्षा शुल्क का भुगतान कर आवेदन कर सकता है, जबकि विद्यार्थी अपनी किसी कैटेगिरी नहीं बदल सकेंगे। इसके अतिरिक्त पहली बार अप्रेल में परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को पूर्ण आवेदन प्रक्रिया से गुजरना होगा और सभी जानकारियां भरनी होगी। विद्यार्थी आवेदन में हुई त्रुटियों को 8 से 12 मार्च के मध्य सुधार सकेंगे।