शहर के उपखंड अधिकारी कार्यालय में मंगलवार दोपहर उपखंड, पुलिस, आरएपीपी, एनएफसी के अधिकारियों व अणुशक्ति श्रमिक संघ की संयुक्त वार्ताआयोजित की गई।
रावतभाटा.
शहर के उपखंड अधिकारी कार्यालय में मंगलवार दोपहर उपखंड, पुलिस, आरएपीपी, एनएफसी के अधिकारियों व अणुशक्ति श्रमिक संघ की संयुक्त वार्ताआयोजित की गई। श्रमिकों की समस्याओं को लेकर करीब दो घंटे चली वार्ता संघ की लिखित आश्वासन की मांग पूरा न होने के कारण वार्ता विफल रही।
शहर के उपखंड अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक भवानीशंकर मीणा की अध्यक्षता में उपखंड अधिकारी, आरएपीपी, एनएफसी व अणुशक्ति श्रमिक संघ के पदाधिकारियों की वार्ता आयोजित की गई। वार्ता में अणुशक्ति श्रमिक संघ की ओर से संघ के कार्यकारी अध्यक्ष जोतसिंह सोगरवाल ने श्रमिकों को समय पर वेतन न मिलने की बात रखी। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भवानीशंकर मीणा ने 7 दिन में श्रमिकों को समय पर वेतन दिलवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा श्रमिकों की यातायात समस्या की मांग पर उन्होंने अधिकारियों को श्रमिकों के लिए अतिरिक्त यातायात के साधन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने श्रमिकों को पे स्लिप नहीं देने, पीएफ राशि न जमा करवाने तथा नौकरी से पहले ठेकेदार द्वारा श्रमिक से खाली चैक, एडवांस राशि वसूलने व एटीएम रखने जैसे मामलों पर रोक लगाने की मांग की। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने ऐसा मामला सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संघ की ओर से अधिकारियों से स्थानीय बेरोजगारों को 70 फीसदी रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग करते हुए लिखित में आश्वासन की मांग की। जिसे आरएपीपी व एनएफसी के प्रतिनिधियों से स्वीकार नहीं किया। इसके चलते वार्ता विफल रही। वार्तामें उपखंड अधिकारी, नायब तहसीलदार बालचंद मीना, डीजीएम ए.एस. सिंधे, एनएफसी के पीडी चन्द्रशेखर, भारी पानी संयंत्र के एमएल परिहार, निरीक्षक प्रेमदान रतनू, संघ के नरेनद्र सिंह, मुकेश कलोसिया, प्रहलाद अहीर, पंकज जाट, बबलू मौजूद रहे।
आठ दिन से जारी है धरना -
अणुशक्ति श्रमिक संघ की ओर से श्रमिकों की मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से चारभुजा के बप्पारावल चौराहे पर धरना जारी है। इसमें प्रतिदिन रावतभाटा समेत गांवों से बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे है।